डंडई से संवाददाता बिंदु कुमार की रिपोर्ट
पेट्रोल-डीजल को लेकर अफवाह से पंपों पर बढ़ी भीड़, संचालकों ने लोगों से संयम बरतने की अपील।
डंडई क्षेत्र में पेट्रोल-डीजल को लेकर फैली अफवाहों के कारण पेट्रोल पंपों पर अचानक भीड़ बढ़ गई है। सामान्य दिनों की तुलना में ईंधन की बिक्री में काफी बढ़ोतरी देखी जा रही है। इस संबंध में विभिन्न पेट्रोल पंप संचालकों और स्थानीय लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
यदुवंशी पेट्रोल पंप डंडई के संचालक रामबदन यादव ने बताया कि सामान्य दिनों में उनके पंप से प्रतिदिन लगभग 8000 लीटर पेट्रोल-डीजल की बिक्री होती थी, लेकिन क्षेत्र में फैली अफवाहों के कारण लोगों की भीड़ अचानक बढ़ गई है। उन्होंने बताया कि आज एक ही दिन में करीब 15000 लीटर पेट्रोल-डीजल की बिक्री हो चुकी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदें।वहीं एचपी फ्यूल पंप डंडई के संचालक हनीफ शेख ने बताया कि पहले उनके पंप से रोजाना करीब 3000 लीटर पेट्रोल-डीजल की बिक्री होती थी, लेकिन अफवाहों के कारण आज बिक्री में अचानक भारी बढ़ोतरी हुई है और लगभग 10000 लीटर तक ईंधन की बिक्री हो चुकी है। उन्होंने कहा कि लोग डर के कारण जरूरत से ज्यादा पेट्रोल-डीजल ले रहे हैं, जिससे पंपों पर भीड़ बढ़ रही है।
लवाही स्थित गणपति पेट्रोल पंप के संचालक श्याम प्रकाश ने बताया कि उनके पंप से सामान्य तौर पर प्रतिदिन करीब 4000 लीटर पेट्रोल-डीजल की बिक्री होती थी, लेकिन अफवाहों के कारण आज बिक्री बढ़कर लगभग 7000 लीटर तक पहुंच गई है।उन्होंने कहा कि अचानक बढ़ी मांग के कारण पंप पर भीड़ देखी जा रही है और लोग बड़ी मात्रा में ईंधन लेने की कोशिश कर रहे हैं। इस संबंध में सोनेहरा निवासी उपेंद्र कुमार रवि ने कहा कि इन दिनों क्षेत्र में अफवाहों के कारण पेट्रोल-डीजल को लेकर लोगों में घबराहट देखी जा रही है। उन्होंने बताया कि कुछ लोग पेट्रोल पंप से जर्किन और ब्लाडर में पेट्रोल लेकर बाहर महंगे दाम पर बेचने लगे हैं। उपेंद्र ने कहा कि कुछ लोग पेट्रोल को 150 रुपये प्रति लीटर तक अवैध तरीके से बेच रहे हैं, जिससे आम लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने प्रशासन से इस पर रोक लगाने की मांग की है। वहीं जरदे निवासी रामनाथ चौधरी ने कहा कि अफवाहों के कारण लोग जरूरत से ज्यादा पेट्रोल और डीजल खरीदकर जमा कर रहे हैं। इससे कई बार पंपों पर भीड़ लग जा रही है और आम लोगों को समय पर ईंधन नहीं मिल पा रहा है।
लवाही निवासी विकास पासवान ने कहा कि अफवाहों की वजह से बाजार का माहौल भी प्रभावित हो रहा है। लोग डर के कारण पेट्रोल-डीजल स्टॉक करने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे स्थिति बिगड़ सकती है। उन्होंने लोगों से संयम बरतने और प्रशासन द्वारा जारी सही जानकारी पर ही भरोसा करने की अपील की।इसी तरह पचौर निवासी धनंजय पासवान ने कहा कि पेट्रोल-डीजल को लेकर फैली अफवाह से अनावश्यक घबराहट पैदा हो रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह की स्थिति में कुछ लोग इसका फायदा उठाकर महंगे दाम पर ईंधन बेचने का प्रयास कर रहे हैं, जो गलत है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है ताकि आम जनता को परेशानी न हो।
