साकेत मिश्रा की रिर्पोट
हरिहरपुर में क्रिकेट का महाकुंभ: 20 मार्च से शुरू होगा HPL नाइट कास्को क्रिकेट टूर्नामेंट (सीजन-2)
कांडी (गढ़वा): खेल प्रेमियों के लिए एक बड़ी और उत्साहजनक खबर है। कांडी प्रखंड के हरिहरपुर स्थित राम मनोहर लोहिया स्टेडियम में आगामी 20 मार्च 2026 से 'HPL नाइट कास्को क्रिकेट टूर्नामेंट' के दूसरे सीजन का भव्य आगाज होने जा रहा है। दूधिया रोशनी (फ्लड लाइट) में होने वाले इस रोमांचक टूर्नामेंट को लेकर क्षेत्र के युवाओं और खेल प्रेमियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही करेंगे उद्घाटन
टूर्नामेंट का भव्य उद्घाटन 20 मार्च को शाम 7:00 बजे मुख्य अतिथि माननीय पूर्व मंत्री श्री भानु प्रताप शाही एवं विशिष्ट अतिथि युवा समाजसेवी श्री पंकज सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में किया जाएगा। अतिथियों द्वारा विधिवत फीता काटकर और पिच पर शॉट खेलकर मैच की शुरुआत की जाएगी।
रात के सन्नाटे में गूंजेंगे चौके-छक्के
आयोजन समिति ने बताया कि टूर्नामेंट को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। स्टेडियम को पूरी तरह सजाया जा रहा है और खिलाड़ियों के लिए बेहतर पिच व रोशनी के खास इंतजाम किए गए हैं। इस नाइट टूर्नामेंट में क्षेत्र की नामचीन टीमें हिस्सा लेंगी, जहाँ दर्शकों को कड़ा मुकाबला और रोमांचक क्रिकेट देखने को मिलेगा।
क्षेत्रवासियों को आमंत्रण
आयोजकों ने समस्त क्षेत्रवासियों एवं खेल प्रेमियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में राम मनोहर लोहिया स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलता है, बल्कि क्षेत्र में खेल भावना का भी विकास होता है। क्रिकेट के इस महाकुंभ का हिस्सा बनने के लिए खेल प्रेमी समय पर पहुंचकर मैच का आनंद उठा सकते हैं।
