कांडी (गढ़वा): रंगों के त्योहार होली को शांतिपूर्ण और भाईचारे के साथ संपन्न कराने के लिए कांडी थाना पुलिस ने अभी से कमर कस ली है।
आगामी होली पर्व-2026 के मद्देनजर क्षेत्र में अमन-चैन बनाए रखने के उद्देश्य से 28 फरवरी को दोपहर 3:00 बजे थाना परिसर में एक महत्वपूर्ण शांति समिति की बैठक बुलाई गई है।
जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्ध जनों की जुटेगी टोली
थाना प्रभारी असफाक आलम ने क्षेत्र के सभी जिला परिषद सदस्यों, प्रमुख, मुखिया, बी०डी०सी०, वार्ड पार्षदों सहित इलाके के गणमान्य नागरिकों और पत्रकार बंधुओं को इस बैठक में सादर आमंत्रित किया है। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि त्योहार की आड़ में खलल डालने वालों पर पैनी नजर रहेगी।
थाना प्रभारी की अपील: सहयोग जरूरी
थाना प्रभारी असफाक आलम ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य त्योहार के दौरान आपसी सौहार्द बनाए रखना और सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करना है। उन्होंने क्षेत्र की जनता से अपील की है कि वे इस बैठक में हिस्सा लेकर अपने बहुमूल्य सुझाव दें ताकि कांडी में शांति का माहौल बना रहे। बैठक में आने वाले सुझावों के आधार पर ही सुरक्षा का फाइनल ब्लूप्रिंट तैयार किया जाएगा।
