साकेत मिश्रा की रिर्पोट
कांडी (गढ़वा): प्रखंड की बेटियों के स्वर्णिम भविष्य की बुनियाद रखने के लिए कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, कांडी ने कमर कस ली है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 6 में नामांकन का बिगुल फूंकते हुए विद्यालय प्रबंधन ने एक हाई-प्रोफाइल बैठक बुलाई है।
यह महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को सुबह 11:30 बजे विद्यालय परिसर में आयोजित होगी, जिसमें नामांकन की रणनीति और पारदर्शिता पर मंथन किया जाएगा।
75 सीटों के लिए मचेगी होड़, उपायुक्त के निर्देश पर एक्शन शुरू
विद्यालय की वार्डन आर ऊषा ने जानकारी देते हुए बताया कि उपायुक्त के आदेशानुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कक्षा 6 की कुल 75 रिक्त सीटों पर नामांकन की प्रक्रिया शुरू की जानी है। इन सीटों पर पात्र और जरूरतमंद बालिकाओं के चयन को लेकर प्रशासन पूरी तरह गंभीर है। बैठक का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि क्षेत्र की अंतिम कतार में खड़ी बेटी तक भी शिक्षा का यह अवसर पहुंचे।
जनप्रतिनिधियों और प्रशासन का लगेगा जमावड़ा
इस बैठक को सफल बनाने के लिए प्रखंड के तमाम दिग्गजों को आमंत्रित किया गया है। इसमें प्रखंड प्रमुख, उपप्रमुख, जिला परिषद सदस्य, विद्यार्थी परिषद सहित विभिन्न पंचायतों के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य और आंगनबाड़ी सेविकाएं शामिल होंगी। जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में नामांकन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और गांव-गांव तक प्रचार-प्रसार की ठोस रणनीति तैयार की जाएगी।
वक्त की पुकार: समय पर उपस्थिति की अपील
विद्यालय प्रशासन ने सभी आमंत्रित सदस्यों और जनप्रतिनिधियों से विशेष अनुरोध किया है कि वे जनहित के इस कार्य में नियत समय पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं, ताकि समय रहते नामांकन का खाका तैयार कर प्रक्रिया को अमलीजामा पहनाया जा सके।
