साकेत मिश्रा की रिर्पोट
कांडी (गढ़वा): रफ्तार के कहर ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं।
कांडी थाना क्षेत्र के भरत पहाड़ी-हरिगांवा रोड पर शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना में 25 वर्षीय युवक नितेश कुमार तिवारी की दर्दनाक मौत हो गई। नितेश अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था, जिसकी मौत के बाद पूरे कोल्हुआ गांव में मातम पसरा है।
बहन को लेने आया था घर, रास्ते में काल ने घेरा
जानकारी के अनुसार, मोहम्मदगंज (कोल्हुआ) निवासी संजय तिवारी का पुत्र नितेश अपनी बहन को लेने अपने मौसा (कुसहा पथरिया निवासी रामचंद्र पांडे) के घर आया था। शुक्रवार शाम करीब 5 बजे वह अपनी मोटरसाइकिल (JH 14L 4134) से कुसहा से भरत पहाड़ी की ओर निकला था। इसी दौरान भरत पहाड़ी और सननी के बीच पुलिया के पास उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई। रफ्तार तेज होने के कारण नितेश सीधे डिवाइडर से टकराया और गहरी खाई में जा गिरा।
तीन अस्पतालों ने बदला, पर नहीं बची जान
हादसे के बाद ग्रामीणों ने तुरंत परिजनों को सूचित किया। आनन-फानन में उसे मझिआंव रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉ. राजू कुमार दास ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वहाँ भी स्थिति न संभलने पर उसे मेदिनीनगर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद, देर रात इलाज के दौरान नितेश ने दम तोड़ दिया।
गरीब परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक नितेश न केवल अपने माता-पिता का इकलौता सहारा था, बल्कि वह शादीशुदा भी था और उसका एक छोटा बच्चा है। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय है। घर के इकलौते कमाने वाले सदस्य की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल दुर्घटनाग्रस्त बाइक सननी निवासी बंधु प्रजापति के पास रखी गई है।
