साकेत मिश्रा की रिर्पोट
कांडी/गढ़वा: प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत बेलहथ के खेल मैदान पर बुधवार को अंबेडकर क्लब के तत्वाधान में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन हुआ।
फाइनल मुकाबले में घुरूआ और गाड़ाखुर्द पंचायत की टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। इस रोमांचक भिड़ंत में घुरूआ की टीम ने अपने बेहतरीन खेल कौशल और सटीक रणनीति के दम पर गाड़ाखुर्द को 29 रनों से पराजित कर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।
मैदान में उमड़ा जनसैलाब, चौकों-छक्कों पर गूंजी तालियां
दोपहर से ही बेलहथ का खेल मैदान खेल प्रेमियों से खचाखच भर गया था। जैसे ही अंपायर ने खेल शुरू होने का संकेत दिया, खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों का उत्साह भी सातवें आसमान पर पहुंच गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए घुरूआ की टीम ने निर्धारित ओवरों में चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। जवाब में गाड़ाखुर्द की टीम ने भी दमदार शुरुआत की, लेकिन घुरूआ के गेंदबाजों की धारदार गेंदबाजी और चुस्त फील्डिंग के आगे गाड़खुर्द के बल्लेबाज बिखर गए और टीम लक्ष्य से 29 रन पीछे रह गई।
युवा मुखिया अमित दुबे ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला
मैदान पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पतीला पंचायत के कर्मठ युवा मुखिया सह मुखिया संघ अध्यक्ष अमित कुमार दुबे और पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि मनोज पासवान का जोरदार स्वागत किया गया। खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के बाद अमित कुमार दुबे ने अपने संबोधन में कहा, "खेल न केवल मनोरंजन का साधन है, बल्कि यह अनुशासन और टीम भावना सीखने का सबसे बड़ा मंच है। ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के आयोजनों से छिपी हुई प्रतिभाएं निखर कर सामने आती हैं।" उन्होंने विजेता और उपविजेता दोनों टीमों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अंबेडकर क्लब की प्रबंधन शक्ति की जमकर हुई तारीफ
इस पूरे टूर्नामेंट को सफल बनाने में अंबेडकर क्लब के सदस्यों की भूमिका सराहनीय रही। खेल का सफल संचालन अभिषेक प्रभाकर, अविनाश, अशोक और वीरेंद्र ने मिलकर किया। मैच के दौरान कमेंट्री और स्कोरिंग की जिम्मेदारी को भी क्लब के सदस्यों ने बखूबी निभाया, जिससे मैदान में मौजूद दर्शकों को पल-पल की जानकारी मिलती रही।
इस अवसर पर अंबेडकर क्लब के तमाम सक्रिय सदस्य और भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। जीत के बाद घुरूआ पंचायत के समर्थकों में जश्न का माहौल है और खिलाड़ियों को फूल-मालाओं से लाद दिया गया। क्षेत्र में इस फाइनल मुकाबले की चर्चा हर जुबान पर है।
