गढ़वा के प्रसिद्ध व्यवसायी स्व. काशीनाथ केशरी के निधन पर जायंट्स ग्रुप की शोकसभा
गढ़वा में जायंट्स ग्रुप ऑफ गढ़वा की एक आकस्मिक बैठक नंद कुमार गुप्ता जी के प्रतिष्ठान पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ग्रुप के अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने की।
बैठक में गढ़वा के प्रसिद्ध व्यवसायी स्वर्गीय काशीनाथ केशरी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। बताया गया कि स्व. केशरी पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे और उनका इलाज दिल्ली में हो रहा था।
स्व. काशीनाथ केशरी एक मृदुभाषी, नेकदिल और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी थे। उनके निधन से गढ़वा के व्यवसायिक और सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।
वे अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके बड़े पुत्र आलोक केसरी मैनेजमेंट की पढ़ाई कर कार्यरत हैं। दूसरे पुत्र डॉ. विकास केसरी हृदय रोग विशेषज्ञ हैं, जबकि तीसरे पुत्र अनुज केसरी बैंक में प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं।
शोकसभा में स्व. केशरी की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया और ईश्वर से प्रार्थना की गई कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करें।
शोक व्यक्त करने वालों में जायंट्स वेलफेयर फाउंडेशन स्पेशल कमेटी सदस्य विजय केसरी, फेडरेशन 8 के पूर्व अध्यक्ष विनोद कमलापुरी, फेडरेशन उपाध्यक्ष नंदकुमार गुप्ता, यूनिट 2 के निदेशक मनोज केसरी (रूपा गंजी), जायंट्स ग्रुप गढ़वा के उपाध्यक्ष अवधेश कुशवाहा, पूर्व वित्त निदेशक अशोक केशरी, दीपक केशरी, मनोज केसरी (सन रेडियो) सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित थे।
शोकसभा के पश्चात सभी सदस्य स्व. केशरी के निवास स्थान पर पहुंचकर उनके परिजनों को ढांढस बंधाया और संवेदना प्रकट की
