गढ़वा जिला के 48 हज यात्रियों को गुरुवार को मैनेजाइटिस और पोलियो का टीका लगाया गया। Garhwa

गढ़वा: पवित्र हज यात्रा पर जाने वाले गढ़वा जिला के 48 हज यात्रियों को गुरुवार को मैनेजाइटिस और पोलियो का टीका लगाया गया। 
गढ़वा शहर के मदरसा रोड स्थित मदरसा तब्लीगुल इस्लाम परिसर में आयोजित विशेष टीकाकरण शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा सभी हज यात्रियों का विधिवत टीकाकरण किया गया। कार्यक्रम का आयोजन गढ़वा जिला हज समिति के समन्वय से किया गया। टीकाकरण कार्यक्रम का नेतृत्व गढ़वा जिला हज समिति के नोडल पदाधिकारी सह रंका के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ असजद अंसारी ने किया। उनके साथ डॉ नौशाद आलम एवं डॉ प्रशांत प्रमोद भी मौजूद थे। एएनएम शारदा दास और विंदा कुमारी ने टीकाकरण की प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराया। शिविर में हज यात्रियों की स्वास्थ्य जांच भी की गई तथा उन्हें आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर डॉ असजद अंसारी ने हज यात्रियों को संबोधित करते हुए कहा कि हज यात्रा के दौरान लाखों लोगों की भीड़ होती है। ऐसे में संक्रामक रोगों से बचाव के लिए मैनेजाइटिस और पोलियो का टीका अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि सऊदी अरब सरकार द्वारा हज यात्रियों के लिए इन टीकों को अनिवार्य किया गया है। उन्होंने यात्रियों को सलाह दी कि यात्रा के दौरान साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। नियमित रूप से मास्क का उपयोग करें। अधिक भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सावधानी बरतें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। डॉ असजद अंसारी ने यह भी कहा कि सभी यात्री अपने साथ जरूरी दवाइयां रखें और यदि किसी को पहले से कोई बीमारी है तो उसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को अवश्य दें। उन्होंने गर्म मौसम को देखते हुए धूप से बचाव के उपाय अपनाने तथा संतुलित आहार लेने की भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत मेडिकल टीम से संपर्क करें।
टीकाकरण शिविर के दौरान हज यात्रियों में उत्साह देखा गया। सभी यात्रियों ने स्वास्थ्य विभाग और हज समिति के इस प्रयास की सराहना की। उनका कहना था कि इस प्रकार की व्यवस्था से उन्हें यात्रा के प्रति आत्मविश्वास और सुरक्षा का एहसास होता है। कार्यक्रम में डॉ यासीन अंसारी, सिराज खान, हाजी निजामुद्दीन अंसारी, फिरोज खान, तनवीर आलम, शरीफ अंसारी, अतहर अंसारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Latest News

गढ़वा नगर परिषद अध्यक्ष पद पर संजय कुमार की मजबूत दावेदारी,जनसेवा को बनाया संकल्प Garhwa