डंडई से बिंदु कुमार की रिपोर्ट
डंडई-चिनियां के मुखिया, सचिव व सहायकों का 4 दिवसीय प्रशिक्षण 14 से चिनियां में होगा आयोजन
डंडई, गढ़वा। पंचायत स्तर पर योजनाओं के प्रभावी संचालन को लेकर प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। जिला पंचायती राज पदाधिकारी, गढ़वा के ज्ञापांक-228 दिनांक 07 फरवरी 2026 के आलोक में डंडई एवं चिनियां प्रखंड के मुखिया, पंचायत सचिव एवं पंचायत सहायकों का चार दिवसीय प्रशिक्षण 14 फरवरी से प्रारंभ होगा।यह प्रशिक्षण 14 से 17 फरवरी 2026 तक प्रतिदिन पूर्वाह्न 10:30 बजे से प्रखंड चिनियां कार्यालय सभागार में आयोजित किया जाएगा।
इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी, डंडई ने कार्यालय आदेश जारी करते हुए सभी संबंधित जनप्रतिनिधियों एवं कर्मियों को निर्धारित तिथि व समय पर उपस्थित होकर प्रशिक्षण प्राप्त करने का निर्देश दिया है।आदेश में स्पष्ट किया गया है कि प्रशिक्षण में केवल वैसे पंचायत सचिव शामिल होंगे, जो वर्तमान में चुनाव कार्य से मुक्त हैं
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य पंचायत स्तर पर संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, अभिलेख संधारण, ऑनलाइन प्रविष्टि तथा विभागीय दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी देना है, ताकि कार्यों के निष्पादन में किसी प्रकार की कठिनाई उत्पन्न न हो।प्रखंड प्रशासन ने सभी प्रतिभागियों से समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की है।
