आंगनबाड़ी विभाग का फर्जी कर्मचारी बनकर एक शातिर ठग ने एक महिला के खाते से 10,000 रुपये उड़ा लिए। Kandi

कांडी (गढ़वा): डिजिटल इंडिया के इस दौर में साइबर अपराधी अब ग्रामीण क्षेत्रों की भोली-भाली महिलाओं को अपना निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला कांडी थाना क्षेत्र के कुशहा गाँव (टोला रक्सही) का है, जहाँ आंगनबाड़ी विभाग का फर्जी कर्मचारी बनकर एक शातिर ठग ने एक महिला के खाते से 10,000 रुपये उड़ा लिए। ठगी का शिकार हुई उदय यादव की पत्नी आरती देवी ने अब पुलिस का दरवाजा खटखटाया है।
योजना के पैसों का दिया लालच
पीड़िता आरती देवी ने बताया कि गुरुवार की शाम उनके मोबाइल पर नंबर 9572271677 से एक कॉल आया। फोन करने वाले ने बड़े ही शातिराना अंदाज में खुद को आंगनबाड़ी विभाग का कर्मचारी बताया। उसने आरती को झांसा दिया कि उनके द्वारा भरे गए 'गर्भवती योजना' के फॉर्म का पैसा आ गया है। ठग ने विश्वास जीतने के लिए कहा कि सरकारी प्रक्रिया के तहत पहले उन्हें 7,400 रुपये जमा करने होंगे, जो तुरंत वापस मिल जाएंगे।
दो किश्तों में ऐंठे पैसे
योजना के लाभ की उम्मीद में आरती देवी ने बताए गए नंबर पर 7,400 रुपये भेज दिए। इतने से भी जब ठग का मन नहीं भरा, तो उसने दोबारा फोन कर 2,600 रुपये और भेजने को कहा। उसने आश्वासन दिया कि अगले दिन कुल 10,000 रुपये उनके खाते में क्रेडिट हो जाएंगे। झांसे में आकर पीड़िता ने कुल 10 हजार रुपये ठग के हवाले कर दिए।
स्विच ऑफ मिला मोबाइल, तब खुली नींद
अगले दिन जब खाते में पैसे नहीं आए और आरती ने उसी नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, तो मोबाइल बंद मिला। ठगी का एहसास होते ही पीड़िता के पैरों तले जमीन खिसक गई। थक-हारकर उन्होंने कांडी थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
जागरूकता की मांग
इस घटना के बाद ग्रामीणों में रोष है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इन साइबर अपराधियों को जल्द से जल्द ट्रैक कर जेल भेजा जाए। साथ ही, ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने की अपील की गई है ताकि फिर कोई मासूम इन ठगों का शिकार न बने।

Latest News

आंगनबाड़ी विभाग का फर्जी कर्मचारी बनकर एक शातिर ठग ने एक महिला के खाते से 10,000 रुपये उड़ा लिए। Kandi