कांडी थाना में व्यवसायियों के साथ बैठक: सुरक्षा पुख्ता करने के लिए सीसीटीवी और सायरन लगाने के निर्देश
साकेत मिश्रा की रिर्पोट
कांडी (गढ़वा): क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से बुधवार को कांडी थाना परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। थाना प्रभारी (पु.अ.नि.) अशफाक आलम की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में स्थानीय व्यावसायिक संघ के सदस्यों ने हिस्सा लिया।
बैठक के दौरान थाना प्रभारी ने व्यवसायियों को सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और आधुनिक उपकरणों का उपयोग करने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी व्यवसायी अपनी दुकानों और प्रतिष्ठानों में अविलंब CCTV कैमरा लगवाएं। साथ ही, उन्होंने तकनीकी बारीकियों पर ध्यान देते हुए कहा कि कैमरों को निरंतर पावर सोर्स से जोड़कर रखें और DVR को किसी सुरक्षित या गोपनीय स्थान पर रखें, ताकि अप्रिय घटना की स्थिति में साक्ष्य सुरक्षित रहे।
सुरक्षा के अन्य उपायों पर चर्चा करते हुए थाना प्रभारी ने दुकानदारों को सायरन (हुटर) इंस्टॉल करवाने की सलाह दी। उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि भारी मात्रा में नकदी या कीमती सामान के आवागमन के दौरान GPS के माध्यम से उसकी निगरानी सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
बैठक में उपस्थित व्यावसायिक संघ के सदस्यों ने पुलिस प्रशासन की इन पहलों का स्वागत किया। व्यवसायियों ने सुरक्षा मानकों को अपनाने पर अपनी सहमति जताई और विश्वास दिलाया कि वे पुलिस के साथ हर संभव सहयोग करेंगे।
इस मौके पर व्यावसायिक संघ के कई प्रमुख सदस्य और स्थानीय पुलिसकर्मी उपस्थित थे।
