कांडी (गढ़वा)। कांडी प्रखंड कार्यालय में आयोजित जनता दरबार के दौरान आवेदन मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए दिव्यांग व्यक्ति को सहायता प्रदान की गई।
लमारी कला निवासी रामजन्म प्रसाद गुप्ता, जो दोनों पैरों से विकलांग हैं, ने जनता दरबार में अपनी समस्या रखते हुए ट्राई साइकिल की मांग की थी। आवेदन प्राप्त होते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी राकेश सहाय ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके परिणामस्वरूप रामजन्म प्रसाद गुप्ता को प्रखंड कार्यालय परिसर में ही ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई गई। ट्राई साइकिल मिलने से दिव्यांग व्यक्ति के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी और उन्होंने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने प्रशासन की इस त्वरित पहल की सराहना करते हुए कहा कि जनता दरबार आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का सशक्त माध्यम बन रहा है।
मौके पर पतीला पंचायत मुखिया अमित दुबे, बाल विकास प्रवेक्षिका राणा तबस्सुन,बाल विकास ऑपरेटर पंकज शर्मा, अमीन पप्पू जायसवाल, देवेंद्र कुमार सहित कई अन्य लोग भी मौजूद थे।
