रामबंध तालाब की स्वच्छता को लेकर कन्या विवाह एंड विकास सोसाइटी का सफाई अभियान, जलकुंभी हटाने की भी होगी स्थायी पहल Garhwa

रामबंध तालाब की स्वच्छता को लेकर कन्या विवाह एंड विकास सोसाइटी का सफाई अभियान, जलकुंभी हटाने की भी होगी स्थायी पहल
गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत सोनपुरवा स्थित रामबंध तालाब में बढ़ती गंदगी और जलकुंभी की समस्या को देखते हुए कन्या विवाह एंड विकास सोसाइटी की ओर से विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान सोसाइटी के सदस्यों ने तालाब में फैली गंदगी, कचरा और प्लास्टिक अपशिष्ट को हटाकर तालाब को स्वच्छ बनाने का प्रयास किया।
सफाई अभियान के दौरान मौके पर मौजूद सोसाइटी के सचिव विकास कुमार माली ने बताया कि रामबंध तालाब शहर का एक महत्वपूर्ण जलस्रोत है, जहां वर्ष भर शहर के विभिन्न पूजा पंडालों की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाता है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में सरस्वती पूजा का पर्व मनाया जाएगा और उसी दौरान प्रतिमाओं का विसर्जन इसी तालाब में होगा। ऐसे में यह आवश्यक है कि विसर्जन साफ और स्वच्छ पानी में हो, ताकि धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यावरण संतुलन भी बना रहे।
विकास कुमार माली ने बताया कि तालाब में बार-बार उगने वाली जलकुंभी एक गंभीर समस्या बन चुकी है। इसे स्थायी रूप से समाप्त करने के लिए बड़े शहरों से तकनीकी विशेषज्ञों को बुलाने की योजना बनाई जा रही है, ताकि वैज्ञानिक तरीके से जलकुंभी को हटाया जा सके और तालाब की सुंदरता व उपयोगिता बनी रहे।
उन्होंने यह भी कहा कि कन्या विवाह एंड विकास सोसाइटी केवल तालाब की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि सोसाइटी के बैनर तले शहर के विभिन्न गली-मोहल्लों में भी नियमित सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाना है। आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा।
सफाई अभियान के दौरान स्थानीय लोगों ने भी सहयोग किया और सोसाइटी की इस पहल की सराहना की। लोगों ने उम्मीद जताई कि यदि इसी तरह नियमित रूप से सफाई होती रही तो रामबंध तालाब एक बार फिर स्वच्छ जलाशय के रूप में अपनी पहचान बना सकेगा।

Latest News

प्रकृति पर्व सरहुल मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक, गढ़वा की उपस्थिति में बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। Garhwa