रोमांचक फाइनल मुकाबले में मंडरा टीम ने गरदाहा को हराकर खिताब जीता; सुजीत कुमार और अरुण कुमार ने किया पुरस्कृत
साकेत मिश्रा की रिर्पोट
कांडी (गढ़वा): शिवपुर पंचायत के अधौरा गांव के ऐतिहासिक मैदान में आज आयोजित फाइनल क्रिकेट मुकाबले में दर्शकों को सांसें रोक देने वाला खेल देखने को मिला। कांटे की टक्कर में, अंततः मंडरा टीम ने गरदहा टीम को शिकस्त देकर टूर्नामेंट की ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।
टूर्नामेंट के समापन समारोह और फाइनल मैच का शुभारंभ जिला परिषद प्रतिनिधि सुजीत कुमार ने फीता काटकर किया। मुख्य अतिथि विकास दुबे की अनुपस्थिति में सुजीत कुमार ने गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। उनके साथ शिवपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि अरुण जी और आयोजन समिति के सभी सदस्यगण उपस्थित रहे।
मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। गरदहा के जांबाज खिलाड़ियों ने मंडरा को कड़ी चुनौती दी, लेकिन मंडरा टीम ने सुनियोजित खेल और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर मैच अपनी मुट्ठी में कर लिया।
विजयी टीम 'मंडरा' के सिर जीत का सेहरा बंधा। वहीं, उपविजेता रही 'गरदहा' टीम ने भी अपने जुझारू खेल से सभी का दिल जीत लिया। समापन समारोह में, विश्रामपुर विधानसभा के पूर्व विधायक प्रत्याशी रजनीश रंजन दुबे उर्फ विकाश दुबे जिला परिषद प्रतिनिधि सुजीत कुमार और मुखिया प्रतिनिधि अरुण कुमार ने दोनों टीमों को शानदार ट्रॉफियां प्रदान कर सम्मानित किया।
पुरस्कार वितरण:
मैन ऑफ द मैच: सुमित (मंडरा टीम) को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए चुना गया।
मैन ऑफ द सीरीज: पंकज सिंह (गरदहा टीम) को टूर्नामेंट में उनके हरफनमौला प्रदर्शन के लिए यह खिताब दिया गया।
आयोजन समिति ने टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए सभी खिलाड़ियों, अतिथियों और खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त किया। इस सफल आयोजन ने ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को निखारने का एक बार फिर मंच प्रदान किया है।
