कांडी (गढ़वा): प्रखंड क्षेत्र के पतीला पंचायत सचिवालय सहित विभिन्न स्थानों पर सोमवार को 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।
समारोह में मुख्य रूप से कांडी प्रखंड प्रमुख सत्येंद्र पाण्डेय उर्फ पिंकू पाण्डेय एवं पतीला मुखिया सह मुखिया संघ अध्यक्ष अमित दुबे उपस्थित रहे। इस दौरान पूरा माहौल देशभक्ति के नारों से गुंजायमान रहा।
झंडातोलन के पश्चात जनसमूह को संबोधित करते हुए प्रमुख सत्येंद्र पाण्डेय उर्फ पिंकू पाण्डेय ने देश की आजादी और संविधान की रक्षा के लिए प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों को नमन किया। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा, "पंचायत का सर्वांगीण विकास ही हमारी प्राथमिकता है। समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलना और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना ही गणतंत्र का असली उद्देश्य है।"
वहीं, मुखिया अमित दुबे ने पंचायत वासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए विकास कार्यों का लेखा-जोखा साझा किया। उन्होंने कहा कि पतीला पंचायत आज विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है, जिसमें जनता का अपार सहयोग प्राप्त हो रहा है। उन्होंने टीम वर्क की सराहना करते हुए ग्रामीणों को एकजुट होकर पंचायत को आदर्श बनाने का संकल्प दिलाया।
समारोह के दौरान पंचायत सचिव परवीन पाण्डेय, रोजगार सेवक भरत प्रसाद और बीडीसी मनोज पासवान ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर इस्लामउद्दीन, भाजपा मंडल अध्यक्ष शशि रंजन दुबे,लालू दुबे और कुंदन साव सहित सभी वार्ड सदस्य एवं भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित बच्चों और ग्रामीणों के बीच मिठाई का वितरण किया गया।
