सुनीता केसरी के आकस्मिक निधन पर गढ़वा रेड क्रॉस सोसाइटी ने जताया शोक
गढ़वा जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के पदाधिकारियों ने रेडक्रॉस की आजीवन सदस्य एवं जायंट्स ग्रुप ऑफ गढ़वा के अध्यक्ष राकेश बाबू सर्राफ की अर्धांगिनी तथा जायंट्स ग्रुप ऑफ गढ़वा सहेली की अध्यक्ष सुनीता केसरी के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। इस अवसर पर रेडक्रॉस पदाधिकारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति देने की कामना की।
स्वर्गीय सुनीता केसरी जायंट्स ग्रुप ऑफ गढ़वा सहेली की पांचवीं बार अध्यक्ष बनी थीं। वे जीवन के अंतिम समय तक समाज सेवा में सक्रिय रहीं। एक कुशल गृहणी होने के साथ-साथ वे हंसमुख, मिलनसार एवं सेवा भाव से परिपूर्ण व्यक्तित्व की धनी थीं।
परिजनों के अनुसार, सुनीता केसरी का पिछले दो सप्ताह से इलाज चल रहा था। बेहतर उपचार के लिए उन्हें रांची एवं हैदराबाद ले जाया गया, किंतु तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
इस दुखद अवसर पर रेडक्रॉस के चेयरमैन डॉ. एम. पी. गुप्ता, वाइस चेयरमैन विनोद कमलापुरी, सचिव डॉ. ज्वाला प्रसाद सिंह, सह सचिव नंदकुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष रामनारायण प्रसाद तथा कार्यकारिणी समिति के सदस्य मनोज केसरी और विजय केशरी राकेश बाबू सर्राफ के निवास पर पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया।
