अलग-अलग मामलों में धुरकी पुलिस ने किया गिरफ्तार भेजा जेल Dhurki

अलग-अलग मामलों में धुरकी पुलिस ने किया गिरफ्तार भेजा जेल 
 धुरकी। धुरकी पुलिस ने सोमवार को फिर एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे चार वारंटियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थाना प्रभारी जनार्दन राउत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विशेष अभियान चलाकर विभिन्न गांवों से आरोपी को पकड़ा है । ये सभी अलग-अलग मामलों में न्यायालय द्वारा जारी वारंट के बावजूद वर्षों से फरारी काट रहे थे, जिससे पुलिस भी लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई थी।
गिरफ्तार किए गए वारंटियों में पहला नाम रामजीत कुशवाहा पुत्र मानीकचंद कुशवाहा, ग्राम लोलकी का है, जो पुलिस को काफी समय से चकमा देकर फरार चल रहा था। दूसरा वारंटी सुनील प्रजापति पुत्र शम्भु प्रजापति, ग्राम पुतूर निवासी है, जिस पर भी कई मामलों में कार्रवाई लंबित थी। तीसरा वारंटी रामावतार सिंह पुत्र स्वर्गीय अली सिंह, ग्राम परासपानी कला का है, जो न्यायालय में बार-बार अनुपस्थित रहने के बाद से फरारी काट रहा था। चौथा और अंतिम वारंटी अमृत कोरवा पुत्र स्वर्गीय सुनर कोरवा, ग्राम भंडार का निवासी है, जिस पर दर्ज मामलों में वह लगातार न्यायालय से बचता आ रहा था।
थाना प्रभारी जनार्दन राउत ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में लगातार गश्त और खुफिया जानकारी के आधार पर इन चारों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि वारंटियों की गिरफ्तारी कानून व्यवस्था बनाए रखने और लंबित मामलों के निष्पादन के लिए आवश्यक था। सभी आरोपितों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत सोमवार को ही जेल भेज दिया गया है।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सकारात्मक संदेश गया है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस सक्रियता की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि आगे भी ऐसे फरार आरोपितों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

Latest News

सस्पेंस और दुविधा खत्म, कंचन साहू कल 4 फरवरी को करेंगे अध्यक्ष पद के लिये नामांकन Garhwa