गढ़वा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 12 घंटे में चोरी का खुलासा
गढ़वा से विकास कुमार की रिपोर्ट
गढ़वा जिले के भंडरिया थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 12 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 13.12.2025 की रात्रि भंडरिया थाना अंतर्गत अज्ञात चोरों द्वारा एक घर का दरवाजा तोड़कर धान कुटाई की मशीन सहित अन्य सामानों की चोरी कर ली गई थी। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी भंडरिया, पुलिस निरीक्षक श्री सुभाष कुमार पासवान के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
गुप्तचरों से प्राप्त सूचना एवं पुराने अपराधियों के रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस ने विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापामारी अभियान चलाया। इस दौरान ग्राम धंसनी मतगढ़ी से दो आरोपियों—जीतू कच्छप एवं राजेंद्र भुइयां—को चोरी के सामानों के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक धान कुटाई की मशीन, एक सीसीटीवी वेब कैमरा, कंबल, दरवाजे का पर्दा तथा दरवाजा तोड़ने में प्रयुक्त लोहे का पाइप बरामद किया है।
दोनों अभियुक्तों को भंडरिया थाना कांड संख्या 57/25 के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है, वहीं आम जनता ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।
