गढ़वा से विकास कुमार की रिपोर्ट
एसडीएम ने डंडई प्रखंड क्षेत्र का औचक औचक दौरा
लवाही कला पैक्स व आंगनबाड़ी भवन विवाद की स्थल जांच की
गढ़वा । सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने आज डंडई प्रखंड क्षेत्र का औचक भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने लवाहीकला प्राथमिक कृषि ऋण समिति (पैक्स) एवं आंगनबाड़ी केंद्र भवन से जुड़े विवादों की स्थल जांच की।
पैक्स जांच के क्रम में उन्होंने मुखिया बच्चालाल गुप्ता, समिति के सदस्यों और स्थानीय नागरिकों से पैक्स संचालन की जानकारी प्राप्त की। ग्रामीणों ने बताया कि समिति का संचालन लोकतांत्रिक तरीके से नहीं हो रहा है और कई वर्षों से चुनाव नहीं कराए गए हैं। अधिकांश किसानों ने समिति की कार्यप्रणाली पर असंतोष व्यक्त किया।
यहां के एक किसान लालमुनी राम ने बताया कि उन्हें पैक्स की ओर से कभी यह सूचना नहीं दी जाती कि बीज व खाद कब उपलब्ध होंगे। अनिल प्रसाद ने कहा कि लंबे समय से समिति का चुनाव नहीं हुआ है। शिवनारायण यादव ने बताया कि उन्होंने एक दो बार यहां धान बेचा। यहां लंबे समय से चुनाव नहीं हुआ, यदि कोई चुनाव हुआ भी तो उन्हें जानकारी नहीं दी गई।
सुदामा प्रसाद गुप्ता ने बताया कि लगभग 10 वर्षों से एक ही व्यक्ति अध्यक्ष पद पर काबिज है, जबकि पप्पू यादव ने कहा कि उन्हें कभी भी समिति के गोदाम से खाद नहीं मिला, बल्कि समिति अध्यक्ष के पुत्र की निजी दुकान से ही खाद खरीदनी पड़ती है। इस दौरान मधुबाला देवी ने बताया कि इस बार इस पैक्स को आवंटन नहीं मिला है इसलिए किसानों को दिक्कत हो रही है।
आंगनवाड़ी भवन विवाद की जानकारी ली
इसी दौरान स्थानीय नागरिक धर्मेंद्र चंद्रवंशी एवं अन्य ग्रामीणों ने शिकायत की कि लगभग 10 वर्ष पूर्व उनके इलाके में एक आंगनबाड़ी केंद्र भवन का निर्माण आरंभ किया गया था, जिसका लगभग 70 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा भी हो गया था, परंतु किसी कारणवश उस भवन को उस पोषक क्षेत्र की बजाय अन्य क्षेत्र को आवंटित कर दिया गया। इस दौरान पैक्स भवन में ताला लगा मिला, जानकारी हुई कि वहां पैक्स के अध्यक्ष राजकुमार प्रसाद गढ़वा गए हुए हैं।
इस पर संजय कुमार ने संबंधित भवन का निरीक्षण किया और कहा कि वे इस विषय में संबंधित विभाग को पत्र लिखेंगे, ताकि उचित समाधान निकाला जा सके।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य सभी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और न्यायसंगत तरीके से पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना है।
उन्होंने स्थानीय लोगों से विधि व्यवस्था, अवैध खनन, प्राथमिक शिक्षा आदि के बारे में भी फीडबैक लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद थे।
