लगातार बारिश से किसानों की बढ़ी चिंता, धान की फसल बर्बादी के कगार पर
गढ़वा। लगातार हो रही बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में पक चुकी धान की फसल अब बर्बादी के कगार पर पहुंच गई है। किसान राजेंद्र मेहता ने बताया कि इस वक्त लगातार हो रही बरसात से खेतों में लगी धान की फसल भीग रही है, जिससे दाने झड़ने की आशंका बढ़ गई है।
उन्होंने कहा कि अच्छी बारिश के कारण इस साल परंपरागत खेतों के अलावा उन खेतों में भी धान की खेती की गई थी, जहां पहले धान नहीं लगाया जाता था। लेकिन अब यह बारिश किसानों के लिए संकट बन गई है। कई जगहों पर पकी हुई फसल की कटाई भी शुरू हो चुकी थी, परंतु बारिश के चलते खेतों में पड़े धान के पंजे पानी में डूबकर सड़ने लगे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार साइक्लोन के प्रभाव से अभी कुछ दिनों तक और बारिश होने की संभावना है। ऐसे में किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ सकता है। कुल मिलाकर इस मौसम की मार ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है।
