पुलिस ने पेश की मानवता की मिसाल, छह महीने से लापता विक्षिप्त महिला को परिजनों से मिलाया Kandi

कांडी पुलिस ने पेश की मानवता की मिसाल, छह महीने से लापता विक्षिप्त महिला को परिजनों से मिलाया


साकेत मिश्रा की रिपोर्ट

गढ़वा (कांडी): कांडी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक सराहनीय कार्य करते हुए एक विक्षिप्त महिला को उसके परिजनों से मिलाने में सफलता प्राप्त की है। यह घटना न केवल पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का उदाहरण है, बल्कि एक मानवीय पहल के रूप में भी सामने आई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते शुक्रवार की शाम करीब 6:30 बजे चोराटी पहाड़ के समीप एक महिला संदिग्ध अवस्था में घूमती हुई पाई गई। महिला मानसिक रूप से विक्षिप्त प्रतीत हो रही थी और स्पष्ट रूप से कुछ बता पाने की स्थिति में नहीं थी। उसके पास एक थैला मिला, जिस पर 'पांकी बाजार' लिखा हुआ था। इसी सुराग के आधार पर कांडी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पांकी थाना से संपर्क स्थापित किया।

पांकी थाना की मदद से महिला की पहचान परमिला देवी, पति विनेश उरांव, निवासी शिंजुआ, थाना पांकी, जिला पलामू के रूप में की गई। महिला के पुत्र बैजनाथ उरांव ने पुष्टि की कि उनकी मां लगभग छह माह पूर्व लापता हो गई थीं, जिसकी रिपोर्ट पांकी थाना में दर्ज कराई गई थी।

शनिवार को कांडी पुलिस द्वारा महिला को विधिवत रूप से उनके पुत्र के हवाले कर दिया गया। अपनी मां को पाकर परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। वहीं स्थानीय लोगों ने कांडी पुलिस की सक्रियता, संवेदनशीलता और मानवीय पहल की सराहना करते हुए प्रशंसा की है।

इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि पुलिस सिर्फ कानून-व्यवस्था बनाए रखने की ही जिम्मेदार नहीं होती, बल्कि समाज में मानवता की सेवा में भी अहम भूमिका निभा सकती है।

Latest News

गढ़वा में जायंट्स ग्रुप ऑफ गढ़वा सहेली ने किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश Garhwa