गिरफ्तार अभियुक्त अभिषेक दुबे के साथ पुलिस
कांडी थाना क्षेत्र के गड़ाखुर्द पंचायत अंतर्गत गाँव निवासी 45 वर्षीय देवेंद्र ठाकुर पर गाँव के ही युवक ने चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायलावस्था में उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची के मेडिका अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। घटना शनिवार रात लगभग 8:30 बजे की है जब देवेंद्र ठाकुर, जो अपने घर पर एक जेनरल स्टोर चलाते हैं, का गाँव के ही अशर्फी दुबे के पुत्र अभिषेक दुबे उर्फ बाबू दुबे (उम्र 35 वर्ष) से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि अभिषेक ने गुस्से में आकर देवेंद्र की पीठ में चाकू घोंप दिया। चाकू लगते ही देवेंद्र मौके पर ही गिर पड़े और अभिषेक वहाँ से फरार हो गया। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें तुरंत गढ़वा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चाकू पीठ में गहरे तक धंसा होने के कारण उसे मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज में भी नहीं निकाला जा सका। चिकित्सकीय सलाह पर परिजन उन्हें रांची के मेडिका अस्पताल ले गए, जहाँ उनका इलाज जारी है। इस घटना को लेकर कांडी थाना में कांड संख्या 71/25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार अभियुक्त अभिषेक दुबे को औरंगाबाद (बिहार) से गिरफ्तार कर लिया और न्यायिक हिरासत में गढ़वा भेज दिया है। थाना प्रभारी अविनाश राज ने बताया कि अपराधी को पकड़ने के लिए विशेष टीम बनाई गई थी, जिसके बाद उसे पकड़ा जा सका। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।