वरिष्ठ पत्रकार सीताराम पाठक को मिला देवर्षि नारद पत्रकारिता सम्मान Ranchi

वरिष्ठ पत्रकार सीताराम पाठक को मिला देवर्षि नारद पत्रकारिता सम्मान 
देवर्षि नारद जी ने की थी तथ्य और सत्य पर आधारित सकारात्मक पत्रकारिता की शुरुआत 
                               - पद्मश्री अशोक भगत
अयोध्या कुमार गुप्ता 
भवनाथपुर (गढ़वा) : तीनों लोकों में सूचनाओं को प्रेषित करने वाले ब्रह्माण्ड के आदि पत्रकार देवर्षि नारद जी की पावन जयंती के शुभ अवसर पर गुरुवार 15 मई को मोरहाबादी स्थित रांची कॉलेज परिसर के आर्यभट्ट सभागार में विश्व संवाद केन्द्र झारखण्ड के द्वारा देवर्षि नारद जयंती एवं पत्रकार सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में राजधानी रांची सहित पूरे झारखण्ड के सैकड़ों पत्रकारों सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। विश्व संवाद केन्द्र झारखण्ड द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में पत्रकारिता के क्षेत्र में उच्च मानदंडों का पालन करते हुए सच्चाई, निष्ठा और ईमानदारी पूर्वक पत्रकारिता के माध्यम से समाज की सेवा करने और सृजनात्मक कार्यों के लिए पूरे झारखण्ड में वरिष्ठ पत्रकार की श्रेणी में गढ़वा जिला अन्तर्गत भवनाथपुर के वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी सीताराम पाठक को मुख्य अतिथि एवं विकास भारती के सचिव पद्मश्री अशोक भगत जी, विश्व संवाद केन्द्र झारखण्ड के अध्यक्ष राम अवतार नारसरिया, सचिव संजय जैन, बिरसा सेवा स्मृति न्यास के अध्यक्ष राजेन्द्र मिश्र सहित अन्य लोगों द्वारा वर्ष 2025 का देवर्षि नारद पत्रकारिता सम्मान दिया गया। 81वर्षीय वरिष्ठ पत्रकार सीताराम पाठक पद्मश्री बलबीर दत्त जी के सानिध्य में  राँची एक्सप्रेस, देशप्राण के अलावा अनेकों समाचार पत्रों में अपनी सेवाएँ दी हैं।
    इसके अलावा महिला पत्रकार की श्रेणी में राँची के प्रभात खबर की वरिष्ठ संवाददाता श्रीमती लता रानी एवं , दुमका जिला अन्तर्गत जामा के नवोदित पत्रकार  बीरबल यादव को भी सम्मानित किया गया। तीनों पत्रकारों को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह और नकद राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथियों द्वारा बिरसा हुंकार पत्रिका के नये स्वरूप का लोकार्पण किया गया। 
      इसके पूर्व मुख्य अतिथि एवं विकास भारती के सचिव पद्मश्री अशोक भगत जी, विश्व संवाद केन्द्र झारखण्ड के अध्यक्ष राम अवतार नारसरिया, सचिव संजय जैन, बिरसा सेवा स्मृति न्यास के अध्यक्ष राजेन्द्र मिश्र ने पारंपरिक विधि से भारत माता एवं देवर्षि नारद जी के चित्र पर माल्यार्पण कर एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर सभी मंचस्थ अतिथियों का पारंपरिक विधि से स्वागत किया गया।
     कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विकास भारती के सचिव पद्मश्री अशोक भगत ने कहा कि देवर्षि नारद जी ने ही तथ्य और सत्य पर आधारित सकारात्मक पत्रकारिता की शुरुआत की थी। आज भी इसी सकारात्मकता के साथ पत्रकारिता की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पत्रकार को नारद जी को ही अपनी प्रेरणा मानकर काम करना चाहिए और यही कारण है कि हम आज नारद जयंती मना रहे हैं। पद्मश्री अशोक भगत ने कहा कि प्रेरणादायक पत्रकारिता वही होती है जो समाज को दिशा दे। उसे जागरूक करे और रचनात्मक संवाद स्थापित करे।
    कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने कहा कि वर्तमान समय में जब सूचनाओं का प्रवाह बिना सत्य और तथ्य की पुष्टि के हो रहा है। ऐसे समय में देवर्षि नारद जी के संवाद कौशल से पत्रकारों को सीख लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सत्य और तथ्य को जाने बगैर सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जा रहा है। ऐसे समय में देवर्षि नारद जी से पत्रकारों को सीख लेने की आवश्यकता है। हाल की घटनाओं पर उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में भारत-पाकिस्तान युद्ध में भारतीय सेना ने अपने पराक्रम का परिचय दिया। कई बड़े-बड़े विदेशी मीडिया हाउस ने भ्रामक खबरें चलाईं। तथ्यों को बढ़ा-चढ़ाकर प्रस्तुत किया। जबकि भारत के अंदर कई मीडिया हाउस ने अपनी सकारात्मक पत्रकारिता का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि भारत की मीडिया की जिम्मेदारी ऐसे मौके पर और भी बढ़ जाती है ताकि समाज तक सत्य पहुंच सके। उन्होंने कहा कि देश की एकता के लिए राजनीतिक और भौगोलिक के साथ-साथ हमारे मन भी एक होने चाहिए। 
      इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की जागरण पत्रिका बिरसा हुंकार की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए बिरसा सेवा स्मृति न्यास के अध्यक्ष राजेन्द्र मिश्र ने कहा कि यह पत्रिका झारखण्ड की जनजातीय संस्कृति, सामाजिक चेतना एवं राष्ट्र निर्माण के कार्यों की एक सशक्त अभिव्यक्ति है। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि क्षेत्र संघचालक देवव्रत पाहन, विश्व संवाद केन्द्र के अध्यक्ष रामावतार नारसरिया जी, बिरसा सेवा स्मृति न्यास के अध्यक्ष राजेंद्र मिश्र आदि लोगों ने भी अपने अपने विचार साझा किए और नारद जी की पत्रकारिता परंपरा को आज के संदर्भ में अत्यंत प्रासंगिक बताया।
कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष राम अवतार नारसरिया ने धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह का समापन वंदे मातरम् गीत के साथ हुआ।

Latest News

उपायुक्त की अध्यक्षता में श्री बंशीधर नगर के प्रखंड सभागार में विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक संपन्न Garhwa