गढ़वा की बेटी खुशबू लक्ष्मी ने UPSC में पाई 977वीं रैंक, क्षेत्र में खुशी की लहर Garhwa

गढ़वा की बेटी खुशबू लक्ष्मी ने UPSC में पाई 977वीं रैंक, क्षेत्र में खुशी की लहर


रिपोर्ट: साकेत मिश्रा

गढ़वा : जिले के कांडी प्रखंड अंतर्गत चटनीया पंचायत के पिपरडीह गांव की होनहार बेटी खुशबू लक्ष्मी ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) परीक्षा 2024 में 977वीं रैंक हासिल कर पूरे प्रखंड, जिले और राज्य का नाम रोशन किया है। इस सफलता की खबर से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व की लहर दौड़ गई है।

खुशबू लक्ष्मी एक साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता कृष्ण मुरारी पांडेय ने पहले स्टेट रेंडिंग (डिपो) में काम किया और फिर सहारा इंडिया में एजेंट के रूप में मेहनत कर अपने चारों बच्चों को शिक्षा दी। माता किरण पांडेय एक गृहिणी हैं। खुशबू तीन बहनों में सबसे छोटी हैं, उनके बाद एक छोटा भाई है।

खुशबू की प्रारंभिक शिक्षा पश्चिमी सिंहभूम के गोइलकेरा में हुई। उन्होंने हाई स्कूल की पढ़ाई गढ़वा के ज्ञान निकेतन से और इंटरमीडिएट गोपीनाथ महिला कॉलेज, गढ़वा से पूरी की। इसके बाद मणिपाल यूनिवर्सिटी से बीसीए और राउरकेला से एमसीए की डिग्री प्राप्त की। साल 2019 से वे दिल्ली में रहकर UPSC की तैयारी कर रही थीं और पहले ही प्रयास में यह शानदार सफलता प्राप्त की।

उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पिपरडीह, गोइलकेरा और पूरे गढ़वा जिले में खुशी का माहौल है। लोग उनके घर पहुंचकर बधाइयां दे रहे हैं और सोशल मीडिया पर भी उन्हें शुभकामनाएं मिल रही हैं।

खुशबू की सफलता सिर्फ एक व्यक्तिगत जीत नहीं है, बल्कि यह पूरे जिले की बेटियों के लिए एक प्रेरणा बन गई है। उनके पिता ने भावुक होते हुए कहा, "आज मेरी बेटी ने परिवार का नाम रोशन किया है, अब मेरा सिर गर्व से ऊंचा हो गया है।"

फिलहाल पूरा परिवार गोइलकेरा में निवास कर रहा है और खुशबू के छोटे भाई की पढ़ाई भी जारी है।

किसान परिवार से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर परचम लहराना एक मिसाल है। गढ़वा की धरती ने एक और सितारा दिया है जो आने वाली पीढ़ियों को यह यकीन दिलाएगा कि संकल्प और मेहनत से कोई भी सपना पूरा किया जा सकता है।

Latest News

गढ़वा नगर परिषद अध्यक्ष पद पर संजय कुमार की मजबूत दावेदारी,जनसेवा को बनाया संकल्प Garhwa