अभिनेता-निर्देशक मनोज कुमार अब हमारे बीच नहीं रहे manoj kumar

मनोज कुमार के निधन पर शोक की लहर भारत कुमार ने 87 वर्ष की आयु में कहा अलविदा
देशभक्ति फिल्मों के प्रतीक रहे अभिनेता-निर्देशक मनोज कुमार अब हमारे बीच नहीं रहे
हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता और निर्देशक मनोज कुमार का शुक्रवार सुबह 87  वर्ष की आयु में मुंबई के कोकिला बेन अस्पताल में निधन हो गया। वे लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं, खासतौर पर लिवर सिरोसिस से पीड़ित थे। उन्हें 21 फरवरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

उनके बेटे कुणाल गोस्वामी ने पुष्टि करते हुए बताया कि, “पापा ने शांतिपूर्वक इस दुनिया को अलविदा कहा। यह ईश्वर की कृपा है कि उन्हें अंत समय में अधिक कष्ट नहीं हुआ।”

उपकार से मिली ‘भारत कुमार’ की पहचान
मनोज कुमार ने अपने करियर में कई यादगार फिल्में दीं, लेकिन उन्हें ‘भारत कुमार’ की उपाधि फिल्म ‘उपकार’ से मिली। यह फिल्म उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री के आग्रह पर बनाई थी, जिसमें ‘जय जवान जय किसान’ के नारे को सजीव किया गया था। इस फिल्म को 1968 में बेस्ट फिल्म, बेस्ट डायरेक्टर, बेस्ट स्टोरी और बेस्ट डायलॉग सहित 4 फिल्मफेयर अवॉर्ड मिले।

उनकी अन्य चर्चित देशभक्ति प्रधान फिल्मों में पूरब-पश्चिम, क्रांति, और रोटी, कपड़ा और मकान शामिल हैं। उनके सिनेमाई योगदान को देखते हुए उन्हें 1992 में पद्मश्री और 2016 में दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।

अंतिम संस्कार शनिवार सुबह
मनोज कुमार का अंतिम संस्कार शनिवार सुबह 11 बजे, मुंबई के पवनहंस श्मशान घाट पर किया जाएगा।

पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनोज कुमार के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा:

“महान अभिनेता और फिल्म निर्माता श्री मनोज कुमार जी के निधन से बहुत दुख हुआ। वह भारतीय सिनेमा के प्रतीक थे, जिन्हें विशेष रूप से उनकी देशभक्ति के उत्साह के लिए याद किया जाता था, जो उनकी फिल्मों में भी झलकता था। मनोज जी के कार्यों ने राष्ट्रीय गौरव की भावना को प्रज्ज्वलित किया और यह पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति।”

मनोज कुमार के योगदान को हिंदी सिनेमा कभी नहीं भुला पाएगा। उन्होंने अपनी कला के माध्यम से भारतवर्ष के मन में देशभक्ति की लौ जगाई, जो सदैव जलती रहेगी।

— गीतांश टीवी समाचार

Latest News

रामकंडा प्रखंड के सातों ग्राम पंचायतों में पंचायतीराज दिवस का आयोजन किया गया। Ramkanda