खरौंधा गांव में अचानक 24 घंटे में दर्जनों पशुओं की मौत, 10 लाख का नुकसान Kandi

खरौंधा गांव में अचानक 24 घंटे में दर्जनों पशुओं की मौत, 10 लाख का नुकसान
फोटो : बीमार पशु का इलाज करते डॉक्टर। 

कांडी : प्रखंड क्षेत्र के पंचायत एवं गांव खरौंधा निवासी कई पशुपालकों की दर्जनों मवेशियों की 24 घंटे के अंदर अचानक मौत हो गई। यह घटना मंगल से बुधवार तक की है। अभी भी कई पशु बीमार हैं। स्थानीय पशु चिकित्सक डॉ बलराम शर्मा ने कहा कि बीमार पशु को 106 - 107 डिग्री बुखार हो जाता है। पूरे शरीर में सूजन हो जाती है। इसके बाद उसकी मौत हो जाती है। पशुओं की मौत के कारण पशुपालकों को लाखों रुपए का नुकसान हो गया है। इसके साथ ही उनके समक्ष रोजी-रोटी की विकराल समस्या उत्पन्न हो गई है। ये पशुपालक दूध एवं दूध के उत्पाद दूध, दही, घी, खोवा आदि बेचकर परिजनों की परवरिश एवं अन्य कार्य किया करते थे। अब एक ही बार उनके ऊपर भारी विपदा आन पड़ी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जगदीश यादव की तीन दुधारू भैंस एवं एक गाय मरी है। जबकि अवधेश यादव के सात पशुओं की मृत्यु हो गई है। जिनमें चार दुधारू भैंस एवं तीन काड़ा (भैंस का बच्चा) शामिल है। इसी तरह लालमणि यादव की भी दो भैंस मरी है। कुछ अन्य पशुपालकों के भी पशुओं के मरने की सूचना है। इस प्रकार यहां पर 10 लाख से अधिक कीमत के मवेशियों की अचानक मौत हो गई है। इसकी सूचना दिए जाने के बाद मझिआंव स्थित प्रथम वर्गीय पशु चिकित्सालय के डॉक्टर दिनेश कुमार खरौंधा पंचायत भवन के समीप  मृत पशुओं का पोस्टमार्टम कर रहे थे। पोस्टमार्टम कर जांच के लिए सैंपल ले जाया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही पशुओं की मृत्यु का सही कारण बताया जा सकता है।

Latest News

क्षेत्र भ्रमण के क्रम में अवैध उत्खनन के मामले मिलने पर एसडीओ ने जताई नाराजगी Garhwa