साकेत मिश्रा की रिर्पोट
फोटो :- अंतिम संस्कार में शामिल लोग।
कांडी : पतिला गांव से एक रिश्तेदार के श्राद्ध व बाजार में सामान लेने जा रहे लोगों की टेंपो पलट जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि 5 अन्य लोग जख्मी हो गए। यह घटना रविवार देर शाम की है। पत्नी, बच्चों व परिजनों का रोते रोते बूरा हाल है। पत्नी के कंधों पर अब छोटे बच्चों की परवरीश व शादी विवाह का पहाड़ सा बोझ आ गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कांडी थाना क्षेत्र के पंचायत व गांव पतिला निवासी विनय शर्मा पिता रामचंद्र मिस्त्री पलामू जिला के हैदरनगर के निकट सड़ेया नामक गांव में एक रिश्तेदार के श्राद्ध में व कुछ लोग फर्नीचर दुकान के लिए सोफा का कुशन लेने हैदरनगर जा रहे थे। मोहम्मद गंज से आगे बढ़ने पर कोशियारा के समीप माली गांव में ब्रेकर पर जंप करने के बाद अनियंत्रित होकर गाड़ी पलट गई। गाड़ी से पीसीसी पर फेंका जाने से गंभीर चोट लगने के कारण विनय शर्मा 35 वर्ष की मौत हो गई। अन्य 5 ल़ोगों में से सुंदर शर्मा के सीने में चोट है। शेष लोग आंशिक रूप से जख्मी हैं। टेंपो पतिला निवासी प्रेम पासवान की थी। जिसे प्रेम ही चला रहा था। मृतक अपने पीछे पत्नी बेबी देवी, नंदिनी 7 वर्ष, हिमांशु 6 वर्ष तथा मिनी 5 वर्ष के तीन बच्चों को छोड़ गया है। गरीब परिवार का बीपीएल सदस्य विनय एक मनरेगा मजदूर था। जिसका जॉब कार्ड (श्रमिक कार्ड) नंबर 162/1535 था। यहां काम नहीं मिलने के कारण परदेस पलायन कर सरिया सैंटरिंग में मजदूरी करता था। हाल ही में वह घर आया था। सूचना मिलने पर कांडी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया था। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। खबर लिखते समय सोन नदी में मृतक का अंतिम संस्कार किया गया।