विभिन्न पंचायतों में सुहागिनों ने गुरुवार को वट सावित्री की बड़े ही विधि विधान से की पूजा-अर्चना
साकेत मिश्रा की रिर्पोट
कांडी(गढ़वा) : प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न पंचायतों में सुहागिनों ने गुरुवार को वट सावित्री की पूजा-अर्चना विधि-विधान से कीं, जिसमें घटहुआं कला, लमारी कला, गाड़ा खुर्द, पतीला, खुटहेरिया, कांडी, पतरिया सहित अन्य पंचायतों का भी नाम शामिल है। वट सावित्री पूजा के लिए सुहागिन महिलाओं ने अहले सुबह से ही प्रसिद्ध वट वृक्ष के पास काफी संख्या में एकत्रित होने लगी थीं। जहां अपने पति की लंबी उम्र के लिए पहुंच कर वट वृक्ष की परिक्रमा करते हुए कच्चा सूत लपेट कर पूजा अर्चना करते हुए नमन कर मन्नतें मांगी। सैकड़ो महिलाओं ने पारंपरिक श्रृंगार के साथ बांस की बनी डलिया में पूजन सामग्री लेकर वट वृक्ष के समीप पहुंची, जहां पुरोहितों के द्वारा विधि विधान से पूजा अर्चना कराई गई। इसके बाद महिलाओं ने वट सावित्री की कथा का भी श्रवण किया। वहीं नई-नवेली दुल्हनों की भी अपार भीड़ थी। ऐसी मान्यता है कि ज्येष्ठ मास की अमावस्या को वट सावित्री व्रत की पूजा-अर्चना करने से पति की आयु बढ़ती है और सुहाग अखंड रहता है। यह पर्व पति-पत्नी के बीच प्रेम व स्नेह का प्रतीक भी माना जाता है। वहीं वट सावित्री व्रत के शुभ अवसर पर पतीला पंचायत के युवा मुखिया अमित कुमार दुबे, कांडी पंचायत के मुखिया विजय राम, खुटहेरिया पंचायत की मुखिया अनिता देवी व गाड़ा खुर्द पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि नीरज सिंह, लमारी कला पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि रिंकु सिंह ने अपने पंचायत क्षेत्र वासियों को वट सावित्री व्रत की ढेरों सारी शुभकामनाएं मीडिया के माध्यम से दी।