कांडी यज्ञशाला में रह रहे महादलित अधेड़ की मुखिया विजय राम ने करायी अंत्येष्टि
फोटो : गाड़ी से शव ले जाते लोग।
साकेत मिश्रा
कांडी : लंबी अवधि से कांडी पोखरा पर स्थित यज्ञशाला में रहनेवाले महादलित व्यक्ति की बीती रात मौत हो गई। मुखिया ने इस अधेड़ व्यक्ति के शव के अंतिम संस्कार की व्यवस्था बनाई। उक्त महादलित (मुसहर) व्यक्ति दिनभर विभिन्न गावों में खाने के लिए मांगता व यज्ञशाला में ही रहता था। अचानक उसकी मृत्यु हो गई। शनिवार सुबह उसे मृत पाया गया। उसकी लाश वहीं यज्ञशाला में पड़ी हुई थी। उसकी उम्र करीब 50 साल थी। इस मृतक के दाह संस्कार के लिए कुछ नहीं था। कांडी पंचायत के मुखिया विजय राम के द्वारा एक गाड़ी बुक करके शव को अंतिम संस्कार के लिए कई लोगों के साथ कफन में लपेटकर अन्य सामग्री के साथ सोन नदी स्थित श्मशान घाट पर भेजा गया।भीषण गर्मी को देखते हुए उक्त अवधि के लिए लोगों को पानी की एक पेटी भी खरीदकर दी गई। खोजबीन करने पर मुखिया ने उक्त व्यक्ति की पहचान रमेश राम पिता नान्हू राम 50 वर्ष ओखरगाड़ा प्रखंड गढ़वा बतायी। इस मौके पर कई लोग उपस्थित थे।