सड़क हादसे में दर्दनाक मौत breaking


फोटो : मृतक का फाइल फोटो। 
कांडी : थाना क्षेत्र के एक युवक की रांची में हुए सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। स्कूटी से जा रहे दो युवकों को थार जीप ने अपनी चपेट में लेकर रौंद दिया। जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर परिजन वापस गांव आ रहे हैं। जिनके देर रात तक घर पहुंचने की संभावना है। एक होनहार युवक के इस तरह असमय गुजर जाने से गांव सहित पूरे इलाके में मातम पसर गया है। कांडी थाना क्षेत्र के पतिला पंचायत अंतर्गत चोका गांव के नवडीहवा टोला निवासी सीआरपीएफ के जवान राजकुमार साह के पुत्र अनुज कुमार साह 25 वर्ष की रांची में हुए एक सड़क हादसे में काफी दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना शनिवार देर शाम करीब 8:30 बजे की है। मृतक के बड़े भाई अमित कुमार साह से प्राप्त जानकारी के अनुसार अनुज कुमार साह भोपाल से बीटेक करने के बाद विप्रो कंपनी में कोलकाता में बतौर इंजीनियर पोस्टेड था। वह  शुक्रवार को रांची के लिए चला था। जहां जगत पुरम कॉलोनी स्थित एक किराए के मकान में अनुज की मां रहती हैं। शनिवार की देर शाम एक अन्य युवा अंकुश कुमार के साथ एक ही स्कूटी पर दोनों जा रहे थे। इसी दौरान करम टोली चौक के आगे प्रेस क्लब के निकट एक थार जीप ने इन्हें अपनी चपेट में ले लिया। जिससे मौके पर ही इन्होंने दम तोड़ दिया। जबकि थार जीप वाला भागने में सफल रहा। घटनास्थल से किसी राहगीर ने परिजनों को फोन करके जानकारी दी। मृतक के पिता राजकुमार साह सीआरपीएफ में टाटा में पदस्थापित हैं। वे वहां से रांची के लिए चले। जब कि मृतक का बड़ा भाई अमित कुमार साह कोलकाता में ही टाटा कंपनी में एंप्लॉई हैं। अभी तक अनुज कुमार साह की शादी भी नहीं हुई है। मृतक के घर में एक छोटी बहन खुशबू कुमारी है। जो पढ़ाई करती है। इस घटना के बाद से परिजनों के ऊपर विपत्ति का पहाड़ टूट पड़ा है। सबों का रोते-रोते बुरा हाल हो रहा है। पत्रकार से बात करने में परिजन बार-बार दहाड़ें मारकर रो रहे थे। खबर लिखते समय शव को लेकर परिजन मेदिनी नगर पहुंचने वाले थे। जिनके 8:00 बजे रात तक पैतृक आवास चोका गांव के नवडीहवा टोला पहुंचने की संभावना है।

Latest News

क्षेत्र भ्रमण के क्रम में अवैध उत्खनन के मामले मिलने पर एसडीओ ने जताई नाराजगी Garhwa