कांडी(गढ़वा) : प्रखण्ड क्षेत्र अंतर्गत खरौंधा पंचायत के जयनगरा गांव के लाभुकों ने डीलर जयगोविंद सिंह पर गंभीर आरोप लगाया है। बुधवार को उपमुखिया रविरंजन कुमार के नेतृत्व में उक्त गांव स्थित शिव मंदिर के समीप राशन कार्डधारियों ने गोलबंद होते हुए मीडिया के समक्ष अपनी समस्या रखी। लाभुकों ने बताया कि इस महीने में अंगूठा लगाते हैं तो अगले महीने में राशन मिलता है। कभी चावल मिलता है तो गेहूं नहीं, गेहूँ मिलता है तो चावल नहीं। लाभुकों ने बताया कि महीने महीना कभी राशन नहीं मिलता है। डीलर द्वारा कहा जाता है कि राशन कार्ड धारियों कस ऑनलाइन हो गया है, जहां इच्छा हो वहां राशन ले सकते हैं। लाभुकों ने बताया कि अक्टूबर 2023 में चावल व गेंहूँ दोनों का अंगूठा लगा, लेकिन केवल चावल दिया गया। डीलर द्वारा बोला गया कि अगले महीने में गेंहूँ मिल जाएगा। नवम्बर महीने में राशन के लिए अंगूठा लगाया गया, लेकिन नवम्बर में भी इसी प्रकार का मामला रहा। जनवरी में जब अंगूठा लगवाया गया तो डीलर द्वारा केवल चने का दाल दिया गया, राशन नहीं। जबकि दाल के लिए नेट पर शो नहीं किया। कुल 339 लाभुकों को चावल व गेंहूँ मिलना चाहिए। लाभुकों ने बताया कि उक्त डीलर के पास राशन लेने जाते हैं तो अनाप शनाप बात बोली जाती है। डीलर द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग किया जाता है। कहा जाता है कि पदाधिकारी भी मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकते। इस सम्बंध में उपमुखिया रविकांत कुमार ने कहा कि लाभुकों से डीलर द्वारा अंगूठा लगवाया गया, किन्तु केवल दाल मिला। लाभुकों को बोला गया कि राशन नहीं मिला है, फरवरी महीने में दूंगा। डीलर द्वारा लाभुकों से महीने के अंत मे अंगूठा लगवाया जाता है। उप मुखिया ने कहा कि यदि मुझे वरीय पदाधिकारी के पास भी जाना पड़े तो मैं जाऊंगा। सभी लाभुकों को ससमय राशन मिलना चाहिए।
इस संबंध में डीलर जयगोविंद सिंह से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि एक साथ 100-150 लाभुक आते हैं। सरकार का आदेश है कि केवाईसी भी करना है। एक बार अंगूठा लगाने पर राशन और दाल दोनों चाहिए लाभुकों को। जबकि अलग-अलग अंगूठा लगता है। उपमुखिया द्वारा लाभुकों को भड़काया जाता है। उपमुखिया प्रत्येक महीने 5 हजार रुपया रिश्वत मांगते हैं। जबकि मैं राशन देने को तैयार हूं। लगाया गया आरोप बिल्कुल निराधार व बेबुनियाद है।
मौके पर राधेश्याम मेहता, रामस्वरूप शर्मा, रीता देवी, कलावती देवी, रानी देवी, फुलमनिया कुवँर, आरती देवी, उषा देवी, शिवकुमारी देवी, चिंता देवी, मीना देवी, ललन शर्मा, धीरज मेहता सहित काफी संख्या में लाभुक उपस्थित थे।