पलामू जिला के मोहम्मदगंज स्टेशन पर गरीब रथ एक्सप्रेस संख्या-12877/12878 के ठहराव की दिशा में पहल के लिए सांसद प्रतिनिधि महेंद्र प्रसाद सिंह, युवा समाजसेवी अश्विनी कुमार सिंह, भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष रामलला दुबे, राकांपा प्रखंड अध्यक्ष रुद्र प्रताप सिंह उर्फ रुदा सिंह और भाजपा मंंडल अध्यक्ष नीरज कुमार सिंह ने सांसद वीडी राम के प्रति आभार जताया है। उन्होंने बताया कि सांसद ने शुक्रवार को धनबाद में रेल मंंडल संसदीय समिति की बैठक में मोहम्मदगंज में उक्त एक्सप्रेस के ठहराव देने की मांग को रखा है। इससे इस क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी खुशी मिली है। जो उनकी चिरप्रतीक्षित मांग है। यहां इस एक्सप्रेस का ठहराव मिलने से इस प्रखंड के अलावा हैदरनगर प्रखंड के बरडंडा, उंटारी रोड के सतबहिनी, गढ़वा जिले के मझिआंव प्रखंड के मोरबे सहित संपूर्ण भवनाथपुर, केतार और कांडी प्रखंड के सभी गांव के लोगों देश की राजधानी दिल्ली पहुंचने की सीधी सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही बिहार राज्य के सोन नदी पार के सीमावर्ती गांवों के लोगों को भी यह सुविधा उपलब्ध होगी। इस क्षेत्र की अधिकतम आबादी मजदूर , किसान और मध्यम आय वर्ग की है। जो देश की राजधानी दिल्ली में सर्वसुविधा युक्त एम्स सहित अन्य बड़े अस्पताल में इलाज के अलावा आस्था धर्मनगरी प्रयागराज और व्यावसायिक नगरी कानपुर सहित अन्य महानगरों में रोजगार, व्यापार व आध्यात्मिक लाभ उठा सकेंगे। वैसे भी मोहम्मदगंज स्टेशन पर सर्वसुलभ सुविधा उपलब्ध है। यात्री टिकट से प्रतिदिन औसतन एक लाख से अधिक राजस्व की प्राप्ति रेलवे को होती है। यह सारी स्थिति गरीबरथ ट्रेन के ठहराव की अहर्ता को पूरी करती है। उन्होंने कहा कि उक्त ट्रेन का जपला करीब 20 किमी और गढ़वा रोड करीब 30 किमी पर ठहराव है। जहां से ट्रेन पकड़ने के लिए लोगों को निजी या भाड़ा के वाहन से रिजर्व बुकिंग कर 800 से 1500 रुपया राशि का अतिरिक्त आर्थिक बोझ झेलना पड़ता है। इस स्टेशन पर उक्त एक्सप्रेस को ठहराव मिलने लोगों को इसकी बचत होगी।