एम के डी ए वी में डी ए वी नेशनल स्पोर्ट्स 2023 वॉलीबॉल महाकुंभ हुआ शुरू Palamu

एम के डी ए वी में डी ए वी नेशनल स्पोर्ट्स 2023 वॉलीबॉल महाकुंभ हुआ शुरू।

किसी भी खेल में एक पक्ष जीतने वाला होता है दूसरा जीताने वाला, हारने वाला नहीं।डॉक्टर जी एन खान।
 पलामू: डी ए वी नेशनल स्पोर्ट्स 2023 वॉलीबॉल महाकुंभ की शुरुआत हुई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉक्टर संजीव श्रीवास्तव प्राचार्य डी ए वी इंजीनियरिंग कॉलेज डाल्टनगंज सह सदस्य स्थानीय प्रबंधन समिति एम के डी ए वी पब्लिक स्कूल डालटेनगंज थे। विशिष्ट अतिथि नगर के प्रतिष्ठित चिकित्सक व सदस्य स्थानीय प्रबंधन समिति एम के डी ए वी डॉ जय कुमार एवं नायक सूबेदार श्री के एन सिंह सदस्य स्थानीय प्रबंधन समिति एम के डी ए वी पब्लिक स्कूल डाल्टनगंज थे। इन सभी अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ देकर किया गया। तत्पश्चात डी ए वी गान गाया गया और सभी खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट किया। विद्यालय के दशम फ के छात्र प्रतीक कुमार ने सभी खिलाड़ियों को खेल शपथ दिलाई। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा गेंद उछलकर प्रतियोगिता शुरू की।मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में कहा कि हम सभी शरीर से, आत्मा से और भावनात्मक रूप से डीएवी के समर्पित सदस्य हैं । मैं इस मैदान में खड़े झारखंड के कोने-कोने से आए खिलाड़ियों एवं शिक्षकों का स्वागत करता हूं। मेरी दृष्टि में हर खिलाड़ी विजेता है। 
मेजबान विद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर जी एन खान ने अपने स्वागत भाषण में अतिथियों एवं आगंतुक खिलाड़ियों तथा शिक्षकों का स्वागत करते हुए बताया कि इस बार डी ए वी नेशनल स्पोर्ट्स में 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक बालिकाओं को भी डी ए वी प्रबंध समिति ने सम्मिलित किया है। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि आप लोग ही असली नायक हैं। हमारे अनेक पूर्व छात्र ओलंपिक और राष्ट्रीय स्तर पर भाग ले चुके हैं। इसमें क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान श्री कपिल देव, श्री महेंद्र सिंह धोनी, युवराज सिंह, दिनेश मंगिया, भाला फेंक में नीरज चोपड़ा, कुश्ती में साक्षी मलिक प्रमुख हैं। प्राचार्य जी ने कहा कि जब ओलंपिक खेलों में तिरंगा लहराता है तब 140 करोड़ भारतीयों का सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है। जिसके लिए डीएवी प्रबंधन डी ए वी नेशनल स्पोर्ट्स जैसे आयोजन करता है। डॉक्टर खान ने बताया कि नई शिक्षा नीति 2020 में भी खेल के कालांश निश्चित किए गए हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलने की बात कही। प्राचार्य जी ने बताया कि खेलों में एक पक्ष जीतने वाला होता है तो दूसरा जीताने वाला, हारने वाला नहीं। हारने वाला भी प्रयास करते रहने से एक दिन जरूर जीत सकता है। उन्होंने एक शेर हौसलों से उड़ान होती है खिलाड़ियों को सुनाया। डीएवी के पूर्व छात्रों की चर्चा करते हुए प्राचार्य जी ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह, श्री इंद्र कुमार गुजराल एवं पूर्व राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद की भी चर्चा की उन्होंने सहायक क्षेत्रीय अधिकारी श्री अरुण कुमार का भी आभार प्रकट किया तथा बताया कि इस प्रतियोगिता में कुल 30 खेलों का आयोजन हो रहा है। यहां झारखंड के अनेक विद्यालयों से 14 वर्ष 17 वर्ष एवं 19 वर्ष आयु वर्ग की बालक- बालिका की 13 टीमें आई हैं। जिसमें 220 खिलाड़ी एवं उनके शिक्षक यहां आए हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि आप यहां घर जैसा वातावरण पाएंगे। उन्होंने प्राचीन कहावत "खेलोगे कूदोगे होगे खराब" को संशोधित करते हुए कहा कि "खेलोगे कूदोगे होगे लाजवाब"। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों का समग्र विकास होता है। उपजेता और विजेता खिलाड़ियों का आपस में हाथ मिलवा कर उनके अंदर भावनात्मक विकास  किया जाता है।जो उनके जीवन की नकारात्मकता को दूर कर मानव मूल्यों को स्थापित करता है।उन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए उनसे कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती कविता भी दुहराई।समाचार लिखे जाने तक चार खेलों के परिणाम आ चुके थे जिसमें 19 वर्ष आयु वर्ग में बालक वर्ग की  डी ए वी बारियातू एवं डी ए वी भंडारीदह के बीच हुई प्रतियोगिता में डीएवी बरियातू विजयी रहा। डी ए वी ढोरी एवं डी ए वी कथारा  के मैच में डीएवी कथारा जीता और 14 वर्ष आयु वर्ग में एम के डी ए वी डाल्टनगंज बालक वर्ग और डी ए वी कथारा के मैच में डीएवी कथारा जीता।19 वर्ष बालिका वर्ग में एम के डी ए वी डालटेनगंज तथा डीएवी कथारा के मैच में डी ए वी कथारा ने जीत हासिल की।इस प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में श्री संजय ठाकुर राष्ट्रीय निर्णायक रांची एवम् स्थानीय निर्णायक के रूप में अभिलाष चंचल एवं श्री रविंद्र उरांव सहयोग कर रहे हैं।इस अवसर पर वॉलीबॉल संगठन पलामू के अध्यक्ष श्री दुर्गा प्रसाद जौहरी एवं सचिव श्री बीएम पांडे आगंतुक विद्यालयों के शिक्षक एवं मेजबान विद्यालय के शिक्षक शिक्षिकाएं उपस्थित थी।

Latest News

क्षेत्र भ्रमण के क्रम में अवैध उत्खनन के मामले मिलने पर एसडीओ ने जताई नाराजगी Garhwa