कोरगांईं गांव के विद्यालय प्रांगण में पंच लक्ष्मी महायज्ञ एवं श्रीमद् भागवत कथा का किया गया है आयोजन yag

कोरगांईं गांव के विद्यालय प्रांगण में पंच लक्ष्मी महायज्ञ एवं श्रीमद् भागवत कथा का किया गया है आयोजन

फोटो : सज धजकर तैयार यज्ञ मंडप। 

साकेत मिश्रा 
कांडी :  कोरगांईं गांव के विद्यालय प्रांगण में पंच लक्ष्मी महायज्ञ एवं श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया गया है। महायज्ञ की तैयारी पूरी कर ली गई है। प्रखंड क्षेत्र के खरौंधा पंचायत अंतर्गत कोरगाईं गांव में अयोध्या धाम के आचार्य श्री मधुसूदन दास जी महाराज के नेतृत्व तथा श्री अनंत बलवंत श्री हनुमान जी महाराज की अध्यक्षता में श्री पंच लक्ष्मी महायज्ञ एवं श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया गया है। यह महायज्ञ नौ नवंबर 2023 को शुरू होकर 15 नवंबर 2023 तक चलेगा। इसकी जानकारी देते हुए यज्ञ के व्यवस्थापक जय गोविंद सिंह व वरिष्ठ कार्यकर्ता शशि कुमार सिन्हा ने कहा कि यज्ञ  आयोजन की तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है। यज्ञ स्थल पर बिहार के कुशल कारीगरों के द्वारा सुंदर यज्ञ मंडप का निर्माण किया गया है। इनमें प्रधान कारीगर मंटू साहनी पमुजफ्फरपुर, भुलटू साहनी वैशाली, रामजी मिस्त्री मुजफ्फरपुर, छोटू मिस्त्री तथा अन्य का नाम शामिल है। इसमें ग्रामीणों ने भी सहयोग किया है। दूसरी तरफ जनसंपर्क, प्रचार प्रसार एवं खरीदारी का कार्य भी कर लिया गया है। महायज्ञ के कार्यक्रम के अनुसार नौ नवंबर 2023 को यज्ञ स्थल से विराट कलश यात्रा निकाली जाएगी। जिसमें काफी संख्या में श्रद्धालु महिला पुरुष भाग लेंगे। इसके लिए यज्ञाचार्य के नेतृत्व में याज्ञिक पुरोहितों के द्वारा वैदिक मंत्रों से यज्ञ स्थल पर कलशों का संकल्प कराया जाएगा। यहां से बाजा गाजा के साथ हाथों में धर्म ध्वजा लिए श्रद्धालु कलशयात्री देव शक्तियों का जयकारा लगाते पावनसलिला कोयल नदी में पहुचेंगे। जहां कोयल की पवित्र जलधारा में यज्ञाचार्य व पुरोहितों के द्वारा कलशों में अभिमंत्रित जल भरवाया जाएगा। वापस लौटकर कलश यात्रियों द्वारा कलशों को यज्ञ मंडप में स्थापित किया जाएगा। उसी दिन महायज्ञ के लिए पंचांग पूजन, मंडप प्रवेश एवं अरणी मंथन किया जाएगा। जबकि 10 नवंबर 2023 की प्रातः काल से हवन यज्ञ प्रारंभ हो जाएगा। जबकि दोपहर 1:00 बजे से प्रतिदिन संध्या 5:00 बजे तक विशिष्ट विद्वानों के द्वारा प्रवचन प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं 15 नवंबर को महायज्ञ की महा पूर्णाहुति, भंडारा, साधु संतों एवं विद्वत जनों की विदाई तथा संध्या काल में विसर्जन किया जाएगा। महायज्ञ के दौरान स्वामी मधुसूदन दास जी महाराज के द्वारा श्रीमद् भागवत की संगीतमय कथा प्रस्तुत की जाएगी। इसके साथ ही यज्ञ सम्राट श्री सुरेंद्राचार्य, वैदिक विद्वान आचार्य जयराम तिवारी एवं 56 आश्रमों के निर्माण कर्ता महात्यागी श्री वेदांती जी महाराज के द्वारा प्रतिदिन प्रवचन प्रस्तुत किया जाएगा। इस कार्यक्रम के आलोक में श्रद्धालु सज्जनों एवं माता बहनों से अधिक से अधिक संख्या में यज्ञ स्थल पर पधार कर प्रवचन एवं सत्संग का लाभ उठाने की अपील की गई है। यहां पहुंचने के लिए बताया गया है कि सोननगर गढ़वा रोड रेल खंड के मोहम्मद गंज रेलवे स्टेशन से 10 किलोमीटर एवं गढ़वा सुंडीपुर सड़क मार्ग पर ही यज्ञ स्थल अवस्थित है।

Latest News

क्षेत्र भ्रमण के क्रम में अवैध उत्खनन के मामले मिलने पर एसडीओ ने जताई नाराजगी Garhwa