पलामू: डाल्टनगंज बरवाडीह स्टेट हाईवे पर सतबरवा थाना क्षेत्र के दुबियाखाड़ के समीप हाइवा की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक की मौत घटनास्थल पर हो गई, जबकि एक बुरी तरीके से जख्मी है। यह घटना शुक्रवार शाम 5:00 बजे के करीब बेतला मार्ग पर स्थित डीएवी इंजीनियरिंग कॉलेज और सेसा के बीच हुई। सतबरवा पुलिस ने बाइक तथा हाईवा को जप्त कर लिया है। मृत युवक की पहचान बरवाडीह के अहीरपुरवा निवासी बजरंगी कुमार पिता जगसहाय भुईयां के रूप में हुई है। जबकि जख्मी युवक सूरज कुमार है।दोनों चचेरे भाई बताए गए हैं। बताया जाता है कि हाईवा से ओवरटेक करने के दौरान रगड़ खाकर बाइक (जेएचओ 3ए 2960) अनियंत्रित होकर 20 मीटर तक घिसटती चली गई।दुबियाखाड़ के सामाजिक कार्यकर्ता शत्रुघ्न सिंह ने बताया कि बाइक सवार किसी युवक ने हेलमेट नहीं लगाया था। हादसे के बाद दोनों युवको को इलाज के लिए एमएमसीएच भेजा गया, जहां 20 वर्षीय बजरंगी को मृत पाया गया। 21 वर्षीय सूरज को बेहतर इलाज के लिए डॉक्टरों ने रांची रिम्स रेफर कर दिया है। दोनों युवक सतबरवा के पिपरा बहन के घर से अपने घर लौट रहे थे। घटना के बाद अहीरपुरवा गांव में परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल बना हुआ है।वहीं पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए मृत युवक के शव तथा दोनों घायलों को कब्जे में लेकर मेदिनीनगर के राजा मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में इलाज के लिए भर्ती करा दिया गया है।