साकेत मिश्र की रिपोर्ट
कांडी : भीषण अकाल के गाल में समा चुके ग्रामीणों ने जन वितरण प्रणाली विक्रेता द्वारा लाभुकों का राशन गबन कर लिए जाने का आरोप लगाते हुए प्रखंड कार्यालय कांडी प्रांगण में एक दिवसीय धरना दिया। धरना के बाद उपायुक्त गढ़वा को संबोधित मांग पत्र प्रखंड विकास पदाधिकारी कांडी को सौंपते हुए संबंधित डीलर का लाइसेंस रद्द करते हुए गांव की आबादी के अनुसार दो व्यक्तियों को नया लाइसेंस निर्गत कर जन वितरण प्रणाली दुकान खुलवाए जाने की मांग की है। कांडी प्रखंड क्षेत्र के हरिहरपुर पंचायत अंतर्गत रपुरा गांव के पीडीएस लाभुकों ने प्रखंड कार्यालय कांडी प्रांगण में धरना देते हुए इस अकाल में जन वितरण प्रणाली की दुकान के द्वारा गरीबों का राशन गबन कर लिए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि माह जून जुलाई 2023 का राशन देने के लिए सबों से अंगूठा लगवाए जाने के बाद भी उन्हें राशन नहीं दिया गया। जबकि इस भीषण अकाल के प्रकोप में जन वितरण प्रणाली ही गांव की जीवन रेखा है। बावजूद इसके डीलरों के द्वारा बेधड़क व खुल्लम-खुल्ला मनमानी की जाती है। मालूम हो कि संबंधित डीलर रामचंद्र राम लाइसेंस संख्या 5/2003 के द्वारा माह सितंबर, अक्टूबर, नवंबर व दिसंबर 2022 चार महीना का राशन भी गबन कर दिया गया था। ग्रामीणों के द्वारा इसकी शिकायत किए जाने एवं जांच के बाद संबंधित दुकान को 24 जुलाई 2023 को सस्पेंड किया गया है। लेकिन इसके पहले उक्त दुकानदार ने जून एवं जुलाई 2023 के राशन का उठाव कर लिया था। जिसका गबन कर लिया गया। धरना दे रहे पीडीएस लाभकों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी मनोज कुमार तिवारी को उपायुक्त गढ़वा को संबोधित 6 सूत्री मांग पत्र सौंपते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा है कि जून जुलाई 2023 का राशन कार्ड धारी से अंगूठा लगवा कर अभी तक वितरण नहीं किया गया। डीलर के द्वारा इस तरह की कार्रवाई बराबर की जाती है। जिसमें अंगूठा लेकर चालू महीने एवं अगले महीने का भी राशन नहीं दिया जाता है। वितरण किए गए राशन की पर्ची कभी भी कार्डधारी को नहीं दी जाती एवं 2 किलो से लेकर 10 किलो तक राशन की कटौती की जाती है। पिछले वर्ष सितंबर से दिसंबर तक राशन गबन के आरोप में 24 जुलाई 2023 को डीलर को निलंबित किया गया है। लाभुकों ने मांग करते हुए कहा कि जून जुलाई 2023 का राशन गबन करने वाले डीलर रामचंद्र राम लाइसेंस नंबर 5/2003 के विरुद्ध एफआईआर करते हुए इनका लाइसेंस रद्द किया जाए। कहा है कि रपुरा गांव की जनसंख्या करीब 3000 है। जिसके लिए दो जन वितरण प्रणाली दुकान की जरूरत है। ग्रामीणों ने मांग की है कि तत्काल दो जन वितरण प्रणाली की दुकान खुलवाने की कृपा की जाए। इस आवेदन की प्रतिलिपि राज खाद्य आयोग रांची, जिला आपूर्ति पदाधिकारी गढ़वा, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी कांडी, जिला परिषद सदस्य कांडी, प्रखंड प्रमुख कांडी एवं पंचायत समिति सदस्य को भी दी गई है। धरना व मांग पत्र देनेवालों में रामकृष्ण राम, गोपाल भारती, जिप सदस्य प्रतिनिधि दिनेश कुमार, ऋषि चंदन गुप्ता, विजय राम, शिवकुमार राम, रामेश्वर प्रजापति, सत्येंद्र सिंह, अमित राम, राम अवध राम, मीरा देवी, सुनीता देवी, प्रभादेवी, बसंती देवी, सुषमा देवी, ललिता देवी, सरोजा देवी, शिवकुमारी देवी, आशा देवी, बिंदा देवी, तेतरी देवी, राकेश चौधरी, संतोष सिंह, अर्जुन प्रजापति आदि का नाम शामिल है।