अचला कब्रिस्तान पर बनेगा फ्लाईओवर bypas road garhwa

मंत्री मिथिलेश का प्रयास हुआ सफल, बाईपास निर्माण की अंतिम बाधा दूर
अचला कब्रिस्तान पर बनेगा फ्लाईओवर 
मंत्री ने गडकरी व हेमंत के प्रति जताया आभार

फोटो : केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिलते मंत्री मिथिलेश (फाइल फोटो)

गढ़वा : गढ़वा बाईपास सड़क निर्माण की अब अंतिम बाधा दूर हो गई है। अचला में कब्रिस्तान के समीप फ्लाईओवर निर्माण की सहमति बन गई है। गढ़वा विधायक झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर का लगातार प्रयास रंग लाया और यह बाधा दूर करने में सफलता मिल गई है। बाईपास निर्माण के इस बाधा को दूर हो जाने पर मंत्री श्री ठाकुर ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी एवं झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित एनएचएआई एवं राज्य सरकार के पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया है।
      यह जानकारी देते हुए मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि यदि इरादे नेक हों और प्रयास सच्चा व ईमानदार हो तो सफलता आज नहीं तो कल मिलती ही है। ऐसा ही अचला-नवाडीह क़ब्रिस्तान मामले में हुआ है। उन्होंने कहा कि हम सबका सम्मिलित प्रयास रंग लाया और गढ़वा बाईपास के अधूरे पड़े भाग के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया। अचला-नवाडीह क़ब्रिस्तान के ऊपर फ्लाईओवर बनाने की सहमति राज्य एवं केंद्र सरकार की हाई लेवल मीटिंग में बनी है। अब इसका ड्रॉइंग डिज़ाइन की स्वीकृति के बाद कार्य आरंभ हो जाएगा।
    मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि बाईपास निर्माण के आरंभ में ही इस मुद्दे को स्थानीय लोगों ने मेरे समक्ष रखा था। उसके बाद उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों से पत्राचार किया। कहा कि या तो सड़क का अलाइनमेंट बदला जाये या क़ब्रिस्तान के ऊपर फ़्लाइओवर बनाया जाए।अधिकारियों ने इसमें अपनी असमर्थता ज़ाहिर की।
इसके लिए उन्होंने 22 जून 2021, 28 अक्टूबर 2021, 11 मार्च 2022 एवं 8 फरवरी 2023 को केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी एवं एनएचएआई के अध्यक्ष आदि पदाधिकारियों को कई बार पत्राचार किया। तत्पश्चात मैंने केंद्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से दिल्ली जाकर मुलाक़ात की। इस दौरान क़ब्रिस्तान बचाओ समिति का एक प्रतिनिधिमंडल भी साथ था। श्री गडकरी ने ध्यान पूर्वक हमारी सारी बातों को सुना एवं जल्द कार्यवाही के लिए हमें आश्वस्त किया। उन्होंने राज्य सरकार से भी प्रस्ताव मांगा।अगले ही दिन मैंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मुख्य सचिव एवं पथ निर्माण सचिव से बात कर प्रस्ताव भिजवा दिया। इस बीच लगातार एनएचएआई  के चेयरमैन, मेंबर एवं स्थानीय अधिकारियों से वार्ता जारी रखी तथा लगातार इस मुद्दे पर अपडेट लेता रहा। अब इसपर सहमति बनी है। यह बहुत ही हर्ष का विषय है। बाईपास निर्माण की अंतिम बाधा भी अब दूर हो गई है।
     मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि कई माननीय पूर्व जनप्रतिनिधि, बड़े पद पर आसीन वर्तमान जनप्रतिनिधि सहित एनएचएआई के एक सम्मानित सदस्य आदि इसके विरोध में प्रेस कांफ्रेंस कर अपनी भड़ास निकाल रहे थे।कुछ ने तो इसकी स्वीकृति से पहले ही इसका शिलान्यास भी कर दिया था।वे किसी भी क़ीमत पर इसे नहीं बनने देने की मांग कर रहे थे।मैंने उसी दिन कहा था कि ऐसी ताकतों को मुँह की खानी पड़ेगी। आज वही हुआ। लेकिन कोई बात नहीं देर से ही सही पर लोगों को न्याय मिला। इस बात की ख़ुशी है। जिन्हें मिर्ची लग रही है, लगे।उनकी नकारात्मक राजनीति का एक और मुद्दा ख़त्म हो गया। जनभावनाओं का सम्मान करने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं आदरणीय नितिन गडकरी  का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।

Latest News

क्षेत्र भ्रमण के क्रम में अवैध उत्खनन के मामले मिलने पर एसडीओ ने जताई नाराजगी Garhwa