यात्री बस डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त, महिला समेत दो की मौत bus

लातेहार: बालूमाथ में यात्री बस डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त, महिला समेत दो की मौत

सोनू कुमार/लातेहार

लातेहार : बालूमाथ में चतरा-रांची मुख्य मार्ग एनएच-22 पर स्थित रेलवे ओवरब्रिज के डिवाइडर से टकरा कर शुक्रवार को मोना नामक यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। इस हादसे में बस कंडक्टर व एक महिला यात्री की मौत हो गयी। जबकि कई यात्री घायल हो गये।मरने वालों में रांची सोस निवासी बस का कंडक्टर मो. इनायतुल्लाह (33) तथा बालूमाथ निवासी यात्री प्रतिमा देवी (30) शामिल है। एक अन्य यात्री रविंद्र कुमार को भी गंभीर चोट आयी है। उसे इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर किया गया है।जानकारी के अनुसार मोना नामक यात्री बस चतरा से यात्रियों को लेकर रांची जा रही थी। इसी दौरान बालूमाथ ओवर ब्रिज पर अचानक बस की पत्ती टूट गयी। इससे बस असंतुलित होकर ओवर ब्रिज के डिवाइडर से जा टकरायी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का एक चक्का डिवाइडर के ऊपर चढ़ गया। गनीमत रही कि बस डिवाइडर से टकराकर रुक गयी। यदि बस ओवरब्रिज से नीचे गिर जाती तो जानमाल की भारी क्षति हो सकती थी। इस हादसे में बस का कंडक्टर मो. इनायतुल्लाह, प्रतिमा देवी, रविंद्र कुमार समेत अन्य यात्रियों को भी चोट आयी।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को बालूमाथ सामुदायिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया। लेकिन रास्ते में ही मो. इनायतुल्लाह और प्रतिमा देवी की मौत हो गयी।

Latest News

दुर्गा पूजा को लेकर ट्रेफिक व्यवस्था तय Garhwa