ऑटो पलटने से चालक की मौत, दो घायल news

लातेहार: मनिका में ऑटो पलटने से चालक की मौत, दो घायल

सोनू कुमार/मनिका
लातेहार : जिले के मनिका थाना क्षेत्र अंतर्गत रांची-मेदिनीनगर मुख्यपथ के करमाही मोड़ के पास मालवाहक ऑटो पलटने से होटवाग निवासी चालक सीताराम सिंह (35) पिता बीरबल सिंह की मौत हो गयी। जबकि ऑटो में सवार मृतक के ससुर व बेटा घायल हो गये। घायलों की पहचान सिंजो, मनिका निवासी शिव कुमार सिंह व मृतक का बेटा चंदन सिंह (14) के रूप में हुई है।घायल शिव कुमार सिंह ने बताया कि मेरा दामाद मालवाहक ऑटो में गढ़वा से फर्नीचर का समान लेकर लातेहार आ रहा था। इसी दौरान करमाही मोड़ के पास एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे ऑटो पलट गयी। घटना के बाद पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को मनिका स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद लातेहार सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल में इलाज के दौरान ऑटो चालक सीताराम सिंह की मौत हो गयी। जबकि घायल शिव कुमार सिंह व चंदन सिंह का इलाज डॉक्टर सुनील भगत ने किया।घटना की सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी राणा भानू प्रताप सिंह ने ऑटो को जब्त कर थाना लाया जबकि घायलों को मनिका अस्पताल पहुंचाने में मदद की। थाना प्रभारी ने बताया कि ऑटो में कहीं से धक्का लगने जैसा चोट नजर नहीं आ रहा है हो सकता है सामने तेजरफ्तार वाहन देखकर ऑटो चालक अपना संतुलन खो बैठा हो और ऑटो पलट गया। हालांकि कुछ लोगों कहना है कि अज्ञात बोलेरो ऑटो को टक्कर मारकर भाग गया। थाना प्रभारी ने कहा मामले की छानबीन की जा रही है।

Latest News

वर्षों पूर्व लगाया गया सरकारी चापाकल आज खतरे में है। Garhwa