विविधता में एकता का अद्भुत उदाहरण है भारत : मिथलेश ठाकुर
मंत्री आवास पर होली मिलन सह सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन
फोटो : होली मिलन समारोह को संबोधित करते मंत्री
गढ़वा : गढ़वा विधायक झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर के आवास पर होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान भोजपुरी कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का उद्घाटन मंत्री श्री ठाकुर ने दीप प्रज्वलित कर किया। मौके पर मंत्री ठकुर सहित उनकी पत्नी चंचल ठाकुर, रोजी ठाकुर एवं अन्य परिजनों ने कलाकारों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। जबकि मंत्री श्री ठाकुर की पत्नी चंचल ठाकुर ने उन्हें गढ़वा के लिए बेहतर विकास कार्य करने पर होली का टोपी पहना कर सम्मानित की।
सभी लोगों ने एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी।
मौके पर मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि भारत गंगा, जमुनी तहजीब का मिसाल है। यहां होली, नवरात्र, रामनवमी, ईद, मोहर्रम, क्रिसमस आदि सभी पर्व, त्यौहार सभी धर्मों के लोग मिलजुल कर मनाते हैं। यहां हर कदम पर भाषा एवं संस्कृति में विविधता है, फिर भी आपसी एकता, समन्वय एवं सद्भाव काफी बेहतर है। भारत विविधता में एकता का उत्कृष्ट उदाहरण है। यहां एक दूसरे का पर्व एक साथ मिलकर मनाने की बुजुर्गों की शुरू की गई परंपरा आज भी कायम है।
मंत्री ने इस परंपरा को आगे भी कायम रहने की उम्मीद जताई । उन्होंने कहा कि होली आपसी भेदभाव भुलाकर गले लगाने एवं सभी को एक रंग में रंग जाने का त्यौहार है। सांस्कृतिक कार्यक्रम में बाहर से आए भोजपुरी कलाकार हेमा पांडेय एंड ग्रुप ने एक से बढ़कर एक होली गीत एवं लोकगीत प्रस्तुत की। उपस्थित दर्शक दर्शकों ने कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया। मंत्री ने कलाकार हेमा पांडेय के कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने आज के परिवेश में बगैर फूहड़ता के अपना कार्यक्रम प्रस्तुत की। यह बहुत ही सराहनीय है। कार्यक्रम ऐसे ही होने चाहिए जो सभी लोग अपने पूरे परिवार के साथ बैठकर आनंद ले सकें। मंत्री श्री ठाकुर ने सभी को होली एवं सबेबरात की शुभकामनाएं दी। मौके पर मुख्य रूप से उप विकास आयुक्त राजेश राय, बीस सूत्री जिला उपाध्यक्ष नितेश सिंह, विधायक प्रतिनिधि कंचन साहू, नप अध्यक्ष पिंकी केशरी, अनिता दत्त, रेखा चौबे, झामुमो जिला अध्यक्ष तनवीर आलम, सचिव मनोज ठाकुर, आशुतोष पांडेय, नवीन तिवारी, मनोज झा, प्रियम सिंह, दिलीप गुप्ता आशीष अग्रवाल सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।