10 लाख का इनामी भाकपा माओवादी जोनल कमांडर चंदन सिंह खरवार गिरफ्तार bhakpa

लातेहार: 10 लाख का इनामी भाकपा माओवादी जोनल कमांडर चंदन सिंह खरवार गिरफ्तार, दो इंसास रायफल, ज़िंदा गोली व लोडेड मैगजीन बरामद


सोनू कुमार/लातेहार

लातेहार : एसपी अंजनी अंजन को मिली गुप्त सूचना पर हेरहंज व मनिका पुलिस की संयुक्त टीम ने सिकिद जंगल से प्रतिबंधित संगठन भाकपा माओवादी के जोनल कमांडर बैजनाथ सिंह उर्फ़ चंदन खरवार उर्फ संजीवन जी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार माओवादी मनिका थाना क्षेत्र के माइल मटलौंग गांव का रहने वाला है।
बरामद हथियार

पुलिस ने इसके पास से दो इंसास राइफल, 370 जिंदा गोली, सात लोडेड मैगजीन, दो वॉकी टॉकी, चार डायरी समेत अन्य सामान बरामद किया है।

मनिका और हेरहंज के जंगलों में थे भ्रमणशील

पलामू रेंज के आईजी राजकुमार लकड़ा ने रविवार को प्रेसवार्ता में बताया कि लातेहार एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि भाकपा माओवादी संगठन का एक दस्ता बुढ़ा पहाड़ से भाग कर लातेहार जिले के मनिका और हेरहंज थाना क्षेत्र के जंगलों में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के उदेश्य से भ्रमणशील है। इस सूचना पर गठित विशेष टीम ने सिकिद जंगल में घेराबंदी कर चंदन सिंह खरवार को गिरफ्तार कर लिया। जबकि दस्ते के अन्य सदस्य जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।पुरस्कृत होंगे अधिकारी व जवान

आईजी ने कहा कि यह लातेहार पुलिस की बड़ी उपलब्धि है। सरकार ने उस पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। अभियान में शामिल सभी पुलिस अधिकारियों व जवानों को पुरस्कृत किया जायेगा।

बूढ़ा पहाड़ से भागकर लातेहार में बना रहे हैं ठिकाना
लातेहार एसपी अंजनी अंजन ने बताया कि बुढ़ा पहाड़ से भागने के बाद नक्सली अलग-अलग जगहों पर अपना ठिकाना बनाने की योजना बना रहे हैं। इसी क्रम में कुछ माओवादी लातेहार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी दहशत फैलाने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने माओवादियों के जोनल कमांडर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार माओवादी ने पुलिस को कई अहम जानकारियां भी दी हैं। जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

चंदन सिंह खरवार पर लातेहार, लोहरदगा व गुमला में 68 मामले हैं दर्ज

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार जोनल कमांडर चंदन सिंह खरवार पर लातेहार, लोहरदगा व गुमला जिले के विभिन्न थानों में 68 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। चंदन सिंह खरवार दस्ता में प्रमुख रूप से जनसंपर्क का काम देखता था। गिरफ्तार माओवादी का मुख्य कार्य क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों में लगे ठेकेदारों, बड़े व्यवसायियों, ईंट भट्ठा मालिक से लेवी वसूली करना था। इसके अलावा अपने दस्ता सदस्य के साथ मिलकर सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के लिए कई बार आईडी ब्लास्ट करा सुरक्षा बल को निशाना बनाया। जिसमें हमारे कई सुरक्षा बल शहीद हुए तथा निर्दोष ग्रामीण महिलायें घायल हुए और मारे गये।

छापामारी दल

छापेमारी अभियान में बालूमाथ एसडीपीओ अजीत कुमार, हेरहंज पुलिस इंस्पेक्टर बबलू कुमार, हेरहंज थाना प्रभारी शुभम कुमार, मनिका थाना प्रभारी राणा भानु प्रताप सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार महतो, गौतम कुमार, प्रदीप कुमार राय, लातेहार सैट 1 , सैट 126 मटलौंग पिकेट समेत मनिका व हेरहंज थाना के जवान शामिल थे।

Latest News

क्षेत्र भ्रमण के क्रम में अवैध उत्खनन के मामले मिलने पर एसडीओ ने जताई नाराजगी Garhwa