कांडी/गढ़वा : बिहार का खोया लड़का झारखण्ड में मिला। इस वाक्य को स्पष्ट करने से पहले बताएं कि दो दिन पूर्व एक गांव में ग्रामीणों ने एक लड़के को पकड़ा था, जिसे चोर तक भी कह दिया गया था। लेकिन वह लड़का वाकई में चोर नहीं, बल्कि वह एक अर्धविक्षिप्त लड़का था। इस लड़के को चोर समझकर ग्रामीणों ने पुलिस को सुपुर्द किया था। जब पुलिस द्वारा गंभीरता पूर्वक पूछताछ की गई। तब पता चला कि वह चोर नहीं अर्धविक्षिप्त लड़का है। यह खबर है जिले के कांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत सननी गांव की, जहां के ग्रामीणों द्वारा शुक्रवार की रात में उक्त लड़के को चोर समझकर पुलिस के हवाले किया गया था। इस संबंध में कांडी थाना प्रभारी- फैज रब्बानी ने बताया कि काफी पूछ-ताछ के बाद उक्त अर्धविक्षिप्त लड़के ने अपना नाम- तूफानी चौधरी व पिता का नाम- ददन चौधरी बताया। साथ ही उसने बताया कि बिहार राज्य के बक्सर जिले के धनसोइ थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपराटोला का रहने वाला है। थाना प्रभारी- फैज रब्बानी द्वारा उसके परिजन से किसी प्रकार संपर्क कर थाना बुलाया गया। जब अर्धविक्षिप्त लड़के का पिता थाना पहुंचा तो उसने पुलिस को जानकारी दी कि मेरे पुत्र की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। 2 माह पूर्व इलाज के लिए उसे ले जाया जा रहा था कि वह औरंगाबाद से ही खो गया। पुत्र के वियोग में पिता भी भटक रहा था। काफी खोजबीन के बाद भी कुछ पता नहीं चल सका। अत्यधिक गरीबी होने के कारण अधिक खोजबीन कर पाना भी उसके लिए मुश्किल था। पुत्र को पाकर पिता अति प्रसन्न हुआ। उसने सच्चे हृदय से पुलिस को धन्यवाद देते हुए आभार प्रकट किया। यदि उक्त लड़के के पिता की हालात की बात करें तो वह बेहद गरीब परिवार से है। मजदूरी कर किसी प्रकार ही वह अपना जीवन यापन करता है। वहीं मानवता का परिचय देते हुए, अत्यधिक कड़ाके की ठंढ को देखते हुए थाना की ओर से सिपाही- अविनाश द्विवेदी द्वारा पिता व पुत्र को गर्म कपड़ा व कंबल दिया गया। साथ ही उन्होंने गाड़ी भाड़ा के लिए उसे कुछ पैसे भी सहयोग के रूप में दिया।