श्री बंशीधर नगर:- आपूर्ति विभाग ने पुलिस के सहयोग से भाजपा ओबीसी मोर्चा के मंडल अध्यक्ष आनंद प्रकाश कमलापुरी के आढ़त के बाहर से गुरुवार की रात एक ट्रक चावल बगैर किसी कागजात का जब्त किया है। जानकारी के अनुसार अनुमंडल पदाधिकारी आलोक कुमार को गुप्त सूचना मिली की शहर के चेचरिया में भाजपा ओबीसी मोर्चा के मंडल अध्यक्ष आनंद प्रकाश कमलापुरी के आढ़त से 14 चक्का वाले ट्रक पर जन वितरण प्रणाली का चावल लोड कर बाहर भेजने की तैयारी चल रही है। सूचना के आलोक में अनुमंडल पदाधिकारी आलोक कुमार ने तत्काल कार्यपालक दंडाधिकारी सह प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अजय कुमार तिर्की व अंचल अधिकारी अरुण कुमार मुंडा को मौके पर छापेमारी के लिए भेजा। अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच ट्रक को कब्जे में कर चावल खरीद बिक्री से संबंधित वैद्य कागजात की मांग आनंद प्रकाश कमलापुरी से किया। पर आनंद के द्वारा तत्काल कोई कागजात नहीं दिखाया गया। घंटो जद्दोजहद के बाद प्रशासन पुलिस के सहयोग से ट्रक को जब्त कर थाना लाई। इस संबंध में कार्यपालक दंडाधिकारी सह प्रभारी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अजय कुमार तिर्की ने कहा कि आनंद प्रकाश कमलापुरी के आढ़त से चावल लोड कर बाहर भेजने की तैयारी चल रही थी। तभी अनुमंडल पदाधिकारी को गुप्त सूचना मिली। सूचना के आलोक में छापेमारी कर ट्रक को जब्त कर लिया गया है। साथ ही आनंद प्रकाश कमलापुरी को नोटिस देकर चावल खरीद बिक्री से संबंधित वैद्य कागजात उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। अजय कुमार तिर्की ने कहा कि प्रथम दृष्टया ट्रक पर लोड चावल जन वितरण प्रणाली का प्रतीत होता है। आनंद के द्वारा कागजात प्रस्तुत करने के बाद अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।