गढ़वा : ऐसा कहा जाता है कि पुलिस है तो लोग सुरक्षित हैं। आम जनता तो पुलिस पर आंख मूंद कर भरोसा यूं ही कर लेती है, किंतु घटना से पता चलता है कि लोग कितने सुरक्षित हैं। खबर है जिले के मझिआंव थाना की। यहाँ की पुलिस द्वारा एक टेम्पू चालक की बेरहमी से पिटाई कर दी गई। घटना शनिवार को तकरीबन 2 बजे की है। उक्त थाना क्षेत्र अंतर्गत आमर गांव स्थित मुख्य सड़क पर मेराल थाना क्षेत्र के दलेली गांव निवासी- जनविजय यादव के 18 वर्षीय पुत्र सह टेम्पू चालक- पीताम्बर यादव बुरी तरह से घायल हो गया। घायल टेम्पू चालक ने बताया कि पुलिस के 3 जवानों ने बुरी तरह से पिटाई की है। उसने बताया कि पुलिस द्वारा 400 रुपए का मांग किया जा रहा था, नहीं देने पर बुरी तरह पीटा गया। बता दें कि सिर तो फटा ही, उसका पैर भी टूट गया है। शरीर के अन्य भागों में भी गंभीर चोटें आई हैं। उक्त युवक की बेरहमी से पिटाई होते देख स्थानीय ग्रामीणों व प्रत्यक्षदर्शियों का खून खौल उठा। बचाव हेतु जब ग्रामीण पहुंचे तो उक्त तीनों पुलिस के जवान वहां से भाग खड़े हुए। आक्रोशित सैकड़ों लोगों द्वारा सड़क को पूरी तरह से जाम कर पुलिस की दबंगई के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की गई।सड़क जाम होने से ढाई घण्टे तक वाहन व लोगों का आवागमन बाधित रहा। इस दौरान लोगों ने कहा कि वर्दी के आड़ में मझिआंव की पुलिस गुंडागर्दी व धन की उगाही करती है। इस घटना की सूचना पाकर पुलिस निरीक्षक- अशोक कुमार सिंह व थाना प्रभारी- सुधांशु कुमार दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। द्वय प्रशासनिक पदाधिकारियों द्वारा काफी समझाने बुझाने का प्रयत्न किया गया, किन्तु आक्रोशित ग्रामीणों पर कोई असर नहीं पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों द्वारा मांग कि जा रही थी कि जब तक जिले के प्रशासनिक पदाधिकारी यहां नहीं पहुंचते हैं, तब तक सड़क जाम ही रखा जाएगा। इस जाम के कारण एक एंबुलेंस भी आधा घण्टा तक फंसा रहा, जिसमें एक मरीज को इलाज कराने हेतु गढ़वा अस्पताल ले जाया जा रहा था। वहीं उक्त टेम्पू चालक की मां व उसके परिवार के अन्य सदस्य भी आ पहुंचे। बेहोशी हालत में घायल पड़े युवक की मां अपने बेटे की हालत देख चित्कार मार फफक-फफक कर रोने लगी। वहीं मझिआंव प्रखण्ड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी- अमरेन डांग भी जाम स्थल पर आ पहुंचे। उन्होंने घायल युवक को इलाज हेतु सदर अस्पताल गढ़वा भेजवाया। काफी समझाने बुझाने के बाद आक्रोशित लोगों ने जाम को हटाया। वहीं इस संबंध में पूछे जाने पर पुलिस निरीक्षक- अशोक कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस वजह से उक्त टेम्पू चालक टेम्पू लेकर तेजी से गढ़वा की ओर भागने लगा। पुलिस के जवानों को शंका हुई और पीछा करना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस के जवानों द्वारा मारपीट के मामले का सत्यापन करते हुए उक्त सभी पुलिसकर्मियो के विरुद्ध विभागीय कानूनी कार्यवाई की जाएगी।