आज 26 नवंबर 2020 को समाहरणालय के सभाकक्ष में संविधान दिवस मनाया गया। उक्त कार्यक्रम में कोविड-19 के सभी मानकों यथा मास्क लगाना, सामाजिक दूरी व सैनिटाइजेशन समेत अन्य का अनुपालन करते हुए उप विकास आयुक्त गढ़वा श्री सत्येंद्र नारायण उपाध्याय की अगुवाई में समाहरणालय के विभिन्न विभागों से आए पदाधिकारी व कर्मियों ने संविधान की प्रस्तावना को दोहराते हुए शपथ ग्रहण किया।
मौके पर उप विकास आयुक्त ने कहा कि भारतीय संविधान सरल भाषा में है, जो सभी पहलुओं को प्रदर्शित करता है। भारत के लोगों में इसका बड़ा महत्व है। प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को संविधान के प्रति सचेत करना, समाज में संविधान के महत्व का प्रचार-प्रसार करना है। यह मानवता के लिए निदेशिका है, इसका महत्व सभी को समझना आवश्यक है। विदित हो कि भारत का संविधान भारत का सर्वोच्च विधान है जो संविधान सभा द्वारा 26 नवंबर 1949 को पारित हुआ तथा 26 जनवरी 1950 को प्रभावी हुआ। केंद्र सरकार द्वारा 26 नवंबर को संविधान दिवस घोषित किया गया है। भारत का संविधान 2 वर्ष 11 माह 18 दिन में बनकर तैयार हुआ तथा 26 नवंबर 1949 को इसे पूर्ण कर राष्ट्र को समर्पित किया गया।
उक्त कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त गढ़वा के अलावा, जिले के विभिन्न विभागों से आए पदाधिकारी व कर्मी समेत अन्य उपस्थित थे।