आज दिनांक 10 अक्टूबर 2020 को झारखंड प्रशासनिक सेवा संघ जिला इकाई गढ़वा की बैठक उप विकास आयुक्त गढ़वा -सह- अध्यक्ष जिला इकाई सत्येंद्र नारायण उपाध्याय की अध्यक्षता में उनके कार्यालय वेश्म में आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी रमना हुलास महतो के द्वारा बताया गया कि कल दिनांक 9 अक्टूबर 2020 को करीब अपराहन 1:00 बजे जब वे प्रखंड कार्यालय कक्ष में बैठकर कार्य कर रहे थे उसी समय सिली दाग पंचायत के पंचायत समिति सदस्य संध्या कुमारी पिता स्वर्गीय जोखू यादव ग्राम- छपरदगा पोस्ट- सिलीदाग, थाना- रमना 25-30 लोगों के साथ समूह में कार्यालय कक्ष में जबरन प्रवेश कर प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री महतो के साथ मारपीट एवं दुर्व्यवहार किया तथा जान से मारने की धमकी भी दी। तत्पश्चात अनुमंडल पदाधिकारी श्री बंशीधर नगर, जयवर्धन कुमार सूचना प्राप्त होते ही प्रखंड कार्यालय में पहुंचे एवं थाना प्रभारी तथा अन्य कर्मियों से घटना की जानकारी प्राप्त की तदोपरांत थाना रमुना में प्रखंड विकास पदाधिकारी रमना के द्वारा प्राथमिकी दर्ज की गई जिसकी प्राथमिकी संख्या- 115/2020, दिनांक 09.10.2020 है, जो भारतीय दंड विधान की धारा 188/323/353/427/507/506/34 के अंतर्गत दर्ज है। बैठक के दौरान निम्न प्रस्ताव रखा गया जो इस प्रकार है:-
01. झारखंड प्रशासनिक सेवा संघ की जिला इकाई कल दिनांक 9 अक्टूबर 2020 को हुलास महतो प्रखंड विकास पदाधिकारी रमुना के साथ संध्या कुमारी पंचायत समिति सदस्य पंचायत सिलिदाग एवं अन्य के द्वारा किए गए अभद्र व्यवहार की भर्त्सना करती है।
02. झारखंड प्रशासनिक सेवा संघ की जिला इकाई जिला प्रशासन से मांग करती है कि उक्त व्यक्ति एवं अन्य की अविलंब गिरफ्तारी के साथ-साथ उनके विरुद्ध अग्रेत्तर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए एवं सभी प्रखंड एवं अंचल कार्यालय में पदाधिकारियों एवं कर्मियों के भयमुक्त वातावरण में कार्य करने हेतु समुचित सुरक्षा सुनिश्चित कराई जाए। अंचल गार्डों की उपलब्धता कम से कम 1-4 के सशस्त्र बल के रूप में अविलंब कराई जाए तथा सभी प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों में 16 कैमरा युक्त नाइट विजन लॉन्ग रेंज बुलेट कैमरा का अधिष्ठापन हेतु मशीन एवं उपकरण में अतिरिक्त आवंटन उपलब्ध कराया जाए।
03. झारखंड प्रशासनिक सेवा संघ की जिला इकाई केंद्रीय इकाई से मांग करती है कि सरकार के स्तर पर इस मामले को उठाते हुए उक्त प्राथमिकी के आलोक में आरोपियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई कराई जाए एवं प्रखंड स्तर पर कार्यरत पदाधिकारियों की सुरक्षा के लिए समुचित व्यवस्था हेतु उचित प्रयास किया जाए।
उपरोक्त सभी प्रस्ताव को सभी सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से पारित किया। बैठक के दौरान सभी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी तथा कार्यपालक दंडाधिकारी आदि उपस्थित थें।