सगमा बाजार में ड्राइवर मजदूर महासंघ की सराहनीय पहल, छठ व्रतियों के बीच पूजन सामग्री का किया गया वितरण
रामानन्द प्रजापति
सगमा (गढ़वा): लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर सगमा बाजार स्थित प्रखंड कार्यालय परिसर में ड्राइवर मजदूर महासंघ की ओर से छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं के बीच पूजन सामग्री का वितरण किया गया। इस नेक पहल में महासंघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। ड्राइवर मजदूर महासंघ चालक एवं मजदूर वर्ग के हितों, अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए कार्य करने वाला संगठन है। महासंघ का मुख्य उद्देश्य ड्राइवरों एवं मजदूरों की समस्याओं को उठाना, उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाना तथा जरूरत के समय उन्हें सहयोग प्रदान करना है। संगठन केवल अपने सदस्यों के हितों तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक, धार्मिक एवं जनहित से जुड़े कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाता है। महासंघ के सदस्यों का मानना है कि चालक एवं मजदूर समाज की अर्थ व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं। उनके मेहनत और योगदान से ही समाज और देश का विकास संभव है। इसी भावना के साथ संगठन सामाजिक एकता, भाईचारे और सेवा भाव को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। कार्यक्रम के दौरान महासंघ के सदस्यों ने छठ महापर्व की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि छठ पूजा आस्था, श्रद्धा, पवित्रता और सामाजिक समरसता का महान पर्व है। इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं के बीच पूजन सामग्री का वितरण करना समाज के प्रति सेवा और समर्पण की भावना को दर्शाता है। महासंघ की इस सराहनीय पहल की स्थानीय लोगों ने प्रशंसा की। इस कार्यक्रम के माध्यम से संगठन ने सामाजिक सहयोग, आपसी भाईचारे और जरूरतमंदों की सेवा का संदेश दिया।
इस अवसर पर महासंघ के जिला अध्यक्ष प्रमोद विश्वकर्मा, प्रखंड अध्यक्ष विमलेश यादव, उपाध्यक्ष अवधेश कुमार यादव, सोनडीहा पेट्रोलिंग मेंबर अवधेश यादव, सगमा सचिव खलील अंसारी, मुन्ना लाल यादव ग्राम पुत्तुर, ओमप्रकाश बैठा ग्राम सारदा, खजांची विनोद विश्वकर्मा, अनिल यादव, उपेंद्र यादव, पंकज यादव सहित अन्य ड्राइवर मजदूर महासंघ के सदस्य उपस्थित थे। छठी मैया सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली प्रदान करें।
