विकसित भारत युवा संसद में युवाओं ने ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ पर रखे विचार, दिखाया आत्मविश्वास और नेतृत्व कौशल
गढ़वा। मेरा युवा भारत, गढ़वा (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) की ओर से बुधवार को इंदिरा सिंह टीचर ट्रेनिंग बीएड कॉलेज, कल्याणपुर में जिला स्तरीय विकसित भारत युवा संसद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में गढ़वा जिले के लगभग सभी प्रखंडों से 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान प्रतिभागियों ने निर्धारित विषय ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ पर अपने विचार और वक्तव्य प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन नगर परिषद अध्यक्ष दौलत सोनी, जिला युवा अधिकारी पामीर सिंह, कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दीपक कुमार चौबे, शिक्षाविद् रामाशीष तिवारी, डॉ. अजय पांडेय एवं प्रो. अजय चौरसिया ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष दौलत सोनी ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में युवाओं की सक्रिय भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। युवाओं को देश के लोकतांत्रिक मूल्यों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहना चाहिए। वहीं शिक्षाविद् रामाशीष तिवारी ने ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ विषय पर विस्तार से जानकारी देते हुए इसके विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला।
प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। वक्तृत्व कला, विषय की समझ, तर्क क्षमता और प्रस्तुतीकरण के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया गया।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में रस्मी कुमारी ने प्रथम, रविशंकर शर्मा ने द्वितीय तथा पल्लवी कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। तीनों विजेताओं को शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही उन्हें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में गढ़वा जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। अन्य सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था, संसदीय परंपराओं एवं राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर अपने विचार रखने का अवसर प्रदान करना था। प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं में नेतृत्व क्षमता, तार्किक सोच, वक्तृत्व कला और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता विकसित करने का प्रयास किया गया।
इस मौके पर संजीव कुमार, सत्यम शुक्ला, काजल कुमारी, इन्द्रजीत कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्ति एवं प्रतिभागी उपस्थित थे।
