दीपावली पर्व पर विद्यालय में रंगोली कार्यक्रम, बच्चों ने दीप, कमल और कलश से सजाई रंगोली Garhwa

दीपावली पर्व पर विद्यालय में रंगोली कार्यक्रम, बच्चों ने दीप, कमल और कलश से सजाई रंगोली
 शिक्षा और संस्कार जीवन को सुंदर बनाती है : डॉ कुलदेव

गढ़वा : मिलेनियम पब्लिक स्कूल, छतरपुर में दीपावली के पावन अवसर पर रंगोली प्रतियोगिता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चिकित्सा पदाधिकारी सह युवा समाजसेवी डॉ कुलदेव चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। डॉ चौधरी ने बच्चों द्वारा बनाई गई रंगोली का अवलोकन किया। अलग अलग समूह के द्वारा कार्यक्रम में बच्चों ने दीप, कमल के फूल, कलश, लक्ष्मी चरण और ओम जैसी पारंपरिक दीवाली रंगोलियाँ बनाईं। रंग-बिरंगे फूलों, कुमकुम और अबीर से सजी रंगोलियों ने सभी का मन मोह लिया। बतौर मुख्य अतिथि डॉ कुलदेव चौधरी ने कहा दीया अंधेरे को दूर करता है, कमल कीचड़ में भी पवित्र रहता है और कलश समृद्धि का प्रतीक है। ये तीनों हमें जीवन जीने की कला सिखाते हैं। आपकी रंगोली में सिर्फ रंग नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति का दीप जल रहा है। उन्होंने बच्चों को संदेश दिया कि जैसे रंगोली घर के द्वार को सुंदर बनाती है, वैसे ही शिक्षा और संस्कार जीवन को सुंदर बनाते हैं। रंगोली में जैसे विभिन्न रंगों का अपना महत्व है उसी तरह कक्षा में हर विद्यार्थी का अपना महत्वपूर्ण योगदान होता है। सामुहिक रूप से किये गए कार्य काफी सफल होता है। आज रंगोली बनाते समय कई बार रंग बिखरे होंगे, डिजाइन बिगड़ा होगा पर आपने हार नहीं मानी। जीवन भी ऐसा ही है, काफी उतार-चढ़ाव और संघर्ष के बाद ही सफलता मिलती है। अंत में विद्यालय द्वारा सभी प्रतिभागी बच्चों को कलम एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
 हीना ग्रुप को प्रथम, विशाल ग्रुप को द्वितीय एवं सहिस्ता ग्रुप को तृतीय पुरस्कार मिला। साथ ही अन्य ग्रुप को भी सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रिया श्रीवास्तव ने किया। मौके पर विद्यालय के मैनेजमेंट शिक्षक राजू कुमार सिंह, शिक्षिका निखत खातून, आलिया फिरदौस, अंजलि कुमारी, शब्या आरा, पूजा कुमारी, संध्या कुमारी, नैंसी कुमारी सहित काफी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

Latest News

सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रंका में स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल! Garhwa