जनप्रतिनिधियों ने फीता काटकर किया प्रोजेक्टर पर रामायण सीरियल का शुभारंभ
रामानन्द प्रजापति
सगमा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत सोनडीहा गांव स्थित शिव मंदिर के प्रांगण में प्रोजेक्टर के माध्यम से रामायण सीरियल का शुभारंभ किया गया। इस आयोजन को लेकर ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं में उत्साह देखा गया। कार्यक्रम की शुरुआत में सन सोसायटी क्लब, शिव मंदिर सोनडीहा दक्षिण के कार्यकर्ताओं ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों को फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया।
इसके बाद अतिथियों ने फीता काटकर एवं नारियल फोड़कर रामायण सीरियल का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य अंजू यादव ने कहा कि रामायण केवल एक धारावाहिक नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, संस्कार और मर्यादा का प्रतीक है।
रामायण के माध्यम से लोगों को भगवान श्रीराम के आदर्शों, सत्य, त्याग, कर्तव्य और भाईचारे की सीख मिलती है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम और सद्भाव बढ़ता है। पूर्व जिला परिषद सदस्य गोपाल यादव ने कहा कि रामायण हमारे जीवन में नैतिक मूल्यों और आदर्शों का महत्वपूर्ण संदेश देती है। भगवान श्रीराम के जीवन से प्रेरणा लेकर प्रत्येक व्यक्ति को सत्य के मार्ग पर चलना चाहिए तथा समाज में एकता और भाईचारा बनाए रखने का प्रयास करना चाहिए। समाजसेवी योगेंद्र यादव ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम हमारी परंपराओं को जीवित रखने का माध्यम हैं। रामायण सीरियल के प्रदर्शन से बच्चों, युवाओं और ग्रामीणों को भारतीय संस्कृति तथा भगवान श्रीराम के आदर्शों को समझने का अवसर मिलेगा। उन्होंने ऐसे आयोजनों को सामाजिक एकता और धार्मिक जागरूकता के लिए महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया गया। इस मैके पर पूर्व जिला परिषद सदस्य गोपाल यादव, ताराचन्द यादव, जिला परिषद सदस्य अंजू यादव, समाज सेवी योगेन्द्र यादव, RP यादव, यासिन अंसारी, महेंद्र प्रजापति, जीवराखन यादव, शिवकुमार यादव, गौरीशंकर यादव, संतोष गुप्ता, कमलेश राम, अखिलेश ठाकुर, आशीष कुमार, विजेन्द्र यादव, उपेंद्र यादव सहित कई लोग मौजूद थे।
